KNEWS DESK- Apple अपने iPhone की 20वीं एनिवर्सरी को खास बनाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 2027 में आने वाले iPhone Pro और Pro Max मॉडल में अब तक का बड़ा डिजाइन बदलाव कर सकती है। इन मॉडल्स को फिलहाल iPhone 20 सीरीज से जोड़कर देखा जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple के 20वीं एनिवर्सरी वाले iPhone में फ्रंट और बैक दोनों तरफ ग्लास का इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह होगी कि ग्लास पैनल किनारों की तरफ कर्व्ड हो सकते हैं, जिससे फोन का लुक ज्यादा स्मूद और प्रीमियम नजर आएगा। फोन के दोनों ग्लास पैनल के बीच मेटल फ्रेम दिए जाने की संभावना है। यह फ्रेम न सिर्फ डिजाइन को अलग लुक देगा, बल्कि डिवाइस को मजबूती देने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।
अगर Apple ऐसा डिजाइन पेश करती है, तो यह कंपनी के पुराने कर्व्ड iPhone डिजाइन की याद दिला सकता है। iPhone 6 से लेकर iPhone 11 तक के कई मॉडल्स में कर्व्ड बॉडी देखने को मिली थी।
Apple ने पहले भी बनाया था ज्यादा ग्लास वाला डिजाइन
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि Apple की डिजाइन टीम ने पहले एक ऐसे iPhone पर काम किया था, जिसमें ग्लास का इस्तेमाल और भी ज्यादा किया जाना था। कंपनी इसे एक बेहद खास और प्रीमियम डिजाइन के तौर पर पेश करना चाहती थी। हालांकि, इस डिजाइन को आगे नहीं बढ़ाया गया। ग्लास के दोनों हिस्सों को आपस में जोड़ने और बड़े पैमाने पर फोन के निर्माण में आने वाली तकनीकी चुनौतियां इसकी वजह बताई जा रही हैं। इसके बाद कंपनी ने ज्यादा व्यावहारिक डिजाइन पर फोकस किया।
Pro मॉडल में मिल सकती है बड़ी स्क्रीन
डिजाइन के अलावा iPhone 20 Pro मॉडल्स के डिस्प्ले में भी बदलाव की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple दो नए स्क्रीन साइज पर विचार कर रही है। iPhone 20 Pro: करीब 6.4 इंच डिस्प्ले, iPhone 20 Pro Max: करीब 7 इंच डिस्प्ले अगर ये बदलाव लागू होते हैं, तो Pro Max मॉडल मौजूदा iPhone के मुकाबले और बड़ा स्क्रीन एक्सपीरियंस दे सकता है।
20वीं एनिवर्सरी पर Apple का बड़ा दांव
Apple ने पहली बार iPhone को जनवरी 2007 में पेश किया था और जून 2007 में इसकी बिक्री शुरू हुई थी। ऐसे में 2027 में iPhone के 20 साल पूरे होंगे। कंपनी इस मौके को नए डिजाइन और प्रीमियम फीचर्स के साथ खास बनाने की कोशिश कर सकती है।
हालांकि, ग्लास बॉडी, कर्व्ड डिजाइन और नए स्क्रीन साइज से जुड़ी इन जानकारियों की Apple ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में लॉन्च से पहले इन फीचर्स में बदलाव भी संभव है। अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो 2027 का iPhone कंपनी के अब तक के सबसे बड़े डिजाइन बदलावों में से एक हो सकता है।