Under-18 Asia Cup 2026: भारत की बेटियों का धमाका, साउथ कोरिया को 3-0 से हराकर जीता ब्रॉन्ज मेडल

KNEWS DESK- जापान के काकामिगाहारा में खेले जा रहे महिला अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। तीसरे स्थान के मुकाबले में भारत ने साउथ कोरिया को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हराकर पोडियम फिनिश हासिल की।

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। मुकाबले के सिर्फ दूसरे ही मिनट में संदीप कुमारी ने बेहतरीन फील्ड गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती झटके से उबरने से पहले ही कोरियाई टीम दबाव में आ गई और भारत ने खेल पर पकड़ मजबूत कर ली।

पहले हाफ में भारत का दबदबा लगातार बना रहा और 16वें मिनट में कप्तान स्वीटी कुजूर ने शानदार फील्ड गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। इस बढ़त ने भारतीय टीम को और आत्मविश्वास से भर दिया।

दूसरे हाफ में भी भारतीय आक्रमण नहीं रुका। 33वें मिनट में टूर्नामेंट की स्टार खिलाड़ी नुशीन नाज ने एक और शानदार गोल दागते हुए भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया। यह उनका इस टूर्नामेंट में 12वां गोल रहा, जिससे वह शीर्ष स्कोरर की रेस में मजबूती से बनी हुई हैं।

भारतीय डिफेंस ने पूरे मैच में बेहतरीन संयम दिखाया और साउथ कोरिया को कोई भी गोल करने का मौका नहीं दिया। पूरी मैच में कोरियाई टीम भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रही। इस शानदार प्रदर्शन के लिए संदीप कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने शुरुआत में ही टीम को बढ़त दिलाई थी।

पूरे टूर्नामेंट में भारतीय अंडर-18 महिला टीम ने आक्रामक हॉकी का शानदार प्रदर्शन किया और कुल 36 गोल दागे। इस ब्रॉन्ज मेडल के साथ भारत ने अपने अभियान का सकारात्मक अंत किया, जो भविष्य की भारतीय महिला हॉकी के लिए एक मजबूत संकेत माना जा रहा है। अब फाइनल मुकाबला मेजबान जापान और चीन के बीच खेला जाएगा।

महिला टीम की सफलता के बाद अब सभी की नजरें भारतीय पुरुष अंडर-18 टीम पर टिकी हैं, जो जापान के खिलाफ फाइनल में गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *