The Hundred में रोहित शर्मा की मौजूदगी, पूरन-करन की रिकॉर्ड साझेदारी से MI London की जीत

Knews Desk– इंग्लैंड में खेली जा रही द हंड्रेड 2026 का आगाज रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले मैच में MI London ने Sunrisers Leeds को 7 विकेट से हराकर विजयी शुरुआत की। इस मुकाबले की खास बात सिर्फ मुंबई इंडियंस की जीत नहीं रही, बल्कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी। वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भी इंग्लैंड में रुके रोहित शर्मा स्टेडियम पहुंचकर MI London का हौसला बढ़ाते नजर आए। उनके साथ मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी भी मैच देख रही थीं।

मैच से पहले और दौरान रोहित शर्मा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। ओवल स्टेडियम के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय प्रशंसकों ने उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने की कोशिश की। MI London ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर रोहित के स्टेडियम पहुंचने का वीडियो साझा किया, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया।मुकाबले की बात करें तो Sunrisers Leeds ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 99 गेंदों में 143 रन बनाए। टीम पूरे 100 गेंद भी नहीं खेल सकी और एक गेंद पहले ही ऑलआउट हो गई। MI London की ओर से तेज गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 गेंदों में 25 रन देकर 4 विकेट झटके। कप्तान सैम करन ने भी दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी MI London की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 44 गेंदों पर 51 रन तक अपने तीन प्रमुख बल्लेबाज विल जैक्स, जेम्स विंस और जेसन रॉय के विकेट गंवा दिए। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला Sunrisers Leeds की ओर झुक सकता है, लेकिन इसके बाद निकोलस पूरन और कप्तान सैम करन ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए सिर्फ 40 गेंदों में नाबाद 93 रन जोड़कर टीम को शानदार जीत दिला दी। यह MI London के इतिहास में चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड बन गया। निकोलस पूरन ने महज 22 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे तथा उनका स्ट्राइक रेट 263.63 का रहा। दूसरी ओर कप्तान सैम करन ने 39 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे।पूरन और करन की इस विस्फोटक साझेदारी की बदौलत MI London ने लक्ष्य 84 गेंदों में ही हासिल कर लिया और 16 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम ने तीन विकेट खोकर 144 रन बनाए और टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

निकोलस पूरन को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने न केवल बल्ले से तूफानी पारी खेली, बल्कि फील्डिंग में भी दो शानदार कैच पकड़कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।द हंड्रेड 2026 के पहले ही मुकाबले ने टूर्नामेंट का रोमांच बढ़ा दिया है। MI London ने यह साफ कर दिया कि उसके पास मैच पलटने वाले कई खिलाड़ी मौजूद हैं। वहीं रोहित शर्मा की स्टेडियम में मौजूदगी ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों का उत्साह भी दोगुना कर दिया। अब फैंस को उम्मीद होगी कि आगे के मुकाबलों में भी MI London इसी तरह का दमदार प्रदर्शन जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *