Knews Desk– भारत की स्टार मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 70 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। ग्लास्गो में खेले गए फाइनल मुकाबले में अरुंधति ने मेजबान इंग्लैंड की शैंटली रीड को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह जीत सिर्फ एक मेडल नहीं, बल्कि उस खिलाड़ी की मेहनत, संघर्ष और अपने सपनों पर भरोसे की कहानी भी है, जिसने परिवार की अलग उम्मीदों के बावजूद अपना रास्ता खुद चुना।
अरुंधति चौधरी के पिता चाहते थे कि उनकी बेटी पढ़ाई में आगे बढ़े और प्रतिष्ठित IIT में दाखिला लेकर इंजीनियर बने। लेकिन अरुंधति का मन खेलों में था। बचपन में वह बास्केटबॉल खेला करती थीं, लेकिन 15 साल की उम्र में उन्होंने बॉक्सिंग को अपना करियर बनाने का फैसला किया। यही फैसला आज उन्हें भारत की गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाजों की सूची में शामिल कर चुका है।कॉमनवेल्थ गेम्स में अरुंधति का सफर बेहद शानदार रहा। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में उनका मुकाबला वेल्स की रोज़ी एकल्स से हुआ, जो पिछली बार की कॉमनवेल्थ चैंपियन थीं। अरुंधति ने बेहतरीन रणनीति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए उन्हें भी मात दी और फाइनल का टिकट हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में उनका सामना इंग्लैंड की शैंटली रीड से हुआ। घरेलू दर्शकों के समर्थन के बावजूद शैंटली अरुंधति के सामने टिक नहीं सकीं। भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा और एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ उन्होंने भारत के पदक अभियान को भी मजबूती दी।अरुंधति की सफलता यह साबित करती है कि अगर खिलाड़ी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हो तो हर चुनौती को पार किया जा सकता है। परिवार की इच्छा का सम्मान करते हुए भी उन्होंने अपने सपनों को नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करती रहीं। वर्षों की कड़ी ट्रेनिंग, अनुशासन और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
भारत के लिए यह गोल्ड मेडल बेहद खास माना जा रहा है क्योंकि अरुंधति ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया और किसी भी मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वियों को वापसी का मौका नहीं दिया। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमी, पूर्व खिलाड़ी और देशभर के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।अरुंधति चौधरी की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दिखा दिया कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो मंजिल जरूर मिलती है। अब देश को उम्मीद है कि कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद अरुंधति आने वाले एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भी भारत के लिए इसी तरह पदक जीतकर तिरंगा ऊंचा करेंगी।