KNEWS DESK- ‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म को लेकर नया अपडेट सामने आया है। पहले फिल्म को अगस्त 2027 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसकी रिलीज को 2028 तक आगे बढ़ा दिया है। इससे पहले ‘स्त्री’ और ‘स्त्री 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं।

श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘स्त्री’ की तीसरी किस्त का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। ‘स्त्री 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद इस फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। अब फिल्म की रिलीज को लेकर नया अपडेट सामने आया है। पहले मैडॉक फिल्म्स की योजना ‘स्त्री 3’ को अगस्त 2027 में रिलीज करने की थी, लेकिन प्रोड्यूसर दिनेश विजन के मुताबिक अब फिल्म 2028 में सिनेमाघरों में आएगी।

‘स्त्री 3’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें इसलिए भी ज्यादा हैं, क्योंकि फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन किया था। ‘स्त्री’ साल 2018 में रिलीज हुई थी। करीब 20-25 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 129.90 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं फिल्म की वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई करीब 182.76 करोड़ रुपये रही थी। इसी फिल्म के साथ मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की शुरुआत हुई थी।

इसके बाद साल 2024 में ‘स्त्री 2’ सिनेमाघरों में आई। श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और बॉक्स ऑफिस पर इसने पिछली फिल्म के मुकाबले कहीं बड़ा कारोबार किया। करीब 50-60 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘स्त्री 2’ का भारतीय नेट कलेक्शन 627.02 करोड़ रुपये रहा। वहीं फिल्म ने दुनियाभर में 874.58 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

‘स्त्री 2’ मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी। इस यूनिवर्स में ‘स्त्री’ के अलावा ‘रूही’, ‘भेड़िया’ और ‘मुंज्या’ जैसी फिल्में भी शामिल हैं। ‘स्त्री 2’ ने इन सभी फिल्मों के मुकाबले सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया।
अब ‘स्त्री 3’ को 2028 में रिलीज किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद दर्शकों का इंतजार और लंबा हो गया है। फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी को लेकर अभी और अपडेट का इंतजार है। ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, अगर फिल्म को दर्शकों का पिछली फिल्मों जैसा रिस्पॉन्स मिलता है, तो इसका कलेक्शन 1000 करोड़ रुपये के पार जाने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘स्त्री 2’ के लिए श्रद्धा कपूर को करीब 5 करोड़ रुपये की फीस मिली थी। अब ‘स्त्री 3’ की रिलीज में समय है और फिल्म से जुड़ी आगे की जानकारी आने के साथ ही इसकी स्टारकास्ट, कहानी और बॉक्स ऑफिस को लेकर चर्चा और तेज होने की उम्मीद है।