कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: आज मीराबाई चानू पर रहेंगी निगाहें, भारत को तीसरे गोल्ड की उम्मीद; जानिए दिनभर का पूरा कार्यक्रम

Knews Desk- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के चौथे दिन भारतीय दल की सबसे बड़ी उम्मीद स्टार वेटलिफ्टर और ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू होंगी। मीराबाई महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में उतरेंगी और लगातार तीसरा कॉमनवेल्थ गोल्ड जीतने के लक्ष्य के साथ मुकाबला करेंगी। इससे पहले वह 2018 गोल्ड कोस्ट और 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी हैं।

भारतीय खेल प्रेमियों की नजरें रविवार को मीराबाई के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी। उनके अलावा लॉन बॉल्स, बॉक्सिंग, तैराकी और वेटलिफ्टिंग में भी कई भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। लॉन बॉल्स की महिला पेयर्स टीम, जिसमें रूपा रानी टिर्की और पिंकी शामिल हैं, अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए पदक की दौड़ में बने रहने की कोशिश करेगी।

बॉक्सिंग में प्रीति पवार महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 में मलावी की डेबरा मटेनजे से भिड़ेंगी। वहीं पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमणि सिंह का मुकाबला पाकिस्तान के सुमामा रहमान से होगा। इसके अलावा आदित्य प्रताप सिंह भी 65 किलोग्राम वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू के अलावा ऋषिकांत सिंह और राजा मुथुपंडी भी भारतीय अभियान को आगे बढ़ाने के लिए मैदान में उतरेंगे। वहीं तैराकी प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम हीट्स के जरिए फाइनल में जगह बनाने का प्रयास करेगी।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: चौथे दिन भारत का कार्यक्रम

लॉन बॉल्स

  1. दोपहर 1:00 बजे – भारत बनाम नामीबिया (महिला पेयर्स)
  2. रात 10:05 बजे – इंग्लैंड बनाम भारत (महिला पेयर्स)

बॉक्सिंग

  1. रात 10:45 बजे – प्रीति (भारत) बनाम डेबरा मटेनजे (मलावी), महिला 54 किग्रा
  2. रात 11:45 बजे – जादुमणि सिंह (भारत) बनाम सुमामा रहमान (पाकिस्तान), पुरुष 55 किग्रा
  3. रात 12:45 बजे – आदित्य प्रताप सिंह (भारत) बनाम नूहू बैटे (युगांडा), पुरुष 65 किग्रा

वेटलिफ्टिंग

  1. दोपहर 2:15 बजे – ऋषिकांत सिंह (60 किग्रा)
  2. शाम 6:45 बजे – मीराबाई चानू (48 किग्रा)
  3. रात 11:15 बजे – राजा मुथुपंडी (65 किग्रा)

स्विमिंग

  1. दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे – हीट्स
  2. शाम 4:39 बजे – पुरुष 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले हीट्स
  3. रात 11:30 बजे से सुबह 2:45 बजे – फाइनल मुकाबले
  4. सुबह 1:56 बजे – पुरुष 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले फाइनल

अब तक भारत के खाते में एक पदक

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अब तक एक पदक जीता है। पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुषों के हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत का खाता खोला। उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी। झंडू कुमार ने कहा कि ई-रिक्शा चलाने और सब्जियां बेचने जैसे संघर्षों ने उन्हें सफलता हासिल करने के लिए और अधिक प्रेरित किया।