KNEWS DESK– मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से बचने के लिए जानबूझकर वाहन की नंबर प्लेट छिपाने, उसमें छेड़छाड़ करने या FASTag नहीं लगाने वाले वाहन चालकों पर अब पांच गुना जुर्माना लगाया जाएगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
मंत्रालय के मुताबिक, वाहन चालक से पांच गुना जुर्माने के साथ निर्धारित टोल शुल्क भी वसूला जाएगा। जुर्माने की राशि संबंधित प्राधिकरण को दी जाएगी। यह कार्रवाई तभी की जाएगी, जब यह साबित हो कि नंबर प्लेट छिपाने या FASTag नहीं लगाने का उद्देश्य टोल शुल्क से बचना था। नियम वाहन की आगे, पीछे या दोनों नंबर प्लेट छिपाने के मामलों में लागू होगा।
मंत्रालय ने बताया कि ऐसे वाहनों की पहचान तकनीक आधारित प्रणाली से की जाएगी। MLFF एक बाधारहित इलेक्ट्रॉनिक टोल प्रणाली है, जिसमें ऊपर लगे FASTag रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे वाहनों की पहचान कर अपने आप टोल शुल्क काटते हैं।
इस व्यवस्था में वाहनों को टोल पर रुकने की जरूरत नहीं होती, जिससे जाम, ईंधन की खपत और प्रदूषण कम होता है। मंत्रालय के अनुसार, पांच गुना जुर्माने का यह नियम मौजूदा और भविष्य में शुरू होने वाले सभी MLFF टोल प्लाजा पर लागू होगा।