नई दिल्ली में 25वीं IORA काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल हुए। भारत की अध्यक्षता में यह पहली काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की बैठक है। बैठक में विदेश मंत्री ने हिंद महासागर की रणनीतिक अहमियत और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
Knews Desk – एस. जयशंकर ने अपने संबोधन में श्रीलंका के पिछले नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आर्थिक समृद्धि का महत्वपूर्ण केंद्र है। यह क्षेत्र विविधता और अवसरों के साथ साझा चुनौतियों का भी सामना कर रहा है। ऐसे में हिंद महासागर को शांतिपूर्ण, स्थिर, सुरक्षित और विकास के अनुकूल बनाए रखना सभी देशों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत की IORA अध्यक्षता का मार्गदर्शन महासागर यानी MAHASAGAR विजन करेगा। MAHASAGAR का अर्थ सभी क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र उन्नति है। यह भारत के पुराने सागर यानी SAGAR विजन ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ को आगे बढ़ाता है।
भारत की अध्यक्षता में IORA काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की बैठक का विषय हिंद महासागर क्षेत्र में इनोवेशन, ओपननेस, लचीलापन और अनुकूलनशीलता है। एस. जयशंकर ने कहा कि बदलते क्षेत्रीय और वैश्विक हालात के अनुरूप IORA को अधिक सक्षम और प्रभावी बनाना लक्ष्य है। उन्होंने सदस्य देशों को ठोस और व्यावहारिक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि IORA के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों और साझा मुद्दों पर सहयोग मजबूत करना होगा। इसके साथ ही संवाद भागीदारों के साथ जुड़ाव बढ़ाने की जरूरत है। विदेश मंत्री ने व्यावहारिक क्षेत्रीय पहलों को बढ़ावा देने और संगठन की वित्तीय तथा संस्थागत क्षमता को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
बैठक का मुख्य विषय ‘एक मजबूत क्षेत्रीय आवाज: बदलती वैश्विक व्यवस्था में IORA की स्थिति तय करना’ है। एस. जयशंकर ने कहा कि बदलते भू-राजनीतिक हालात में IORA की सामूहिक आवाज को मजबूत करने की जरूरत है। IORA को एक समावेशी क्षेत्रीय मंच के रूप में अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने सदस्य देशों के बीच बेहतर तालमेल और Dialogue पार्टनर्स के साथ सार्थक सहयोग पर जोर दिया।
IORA काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की बैठक में एस. जयशंकर ने कहा कि IORA को मजबूत बनाने के लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इसके लिए केवल बातचीत नहीं, बल्कि व्यावहारिक सहयोग के जरिए साझा लक्ष्यों को हासिल करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक में हुए विचार-विमर्श से संगठन के भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।