KNEWS DESK- परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर शरद पवार की पार्टी द्वारा केंद्र की बीजेपी सरकार का समर्थन किए जाने से महाराष्ट्र कांग्रेस नाराज है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शरद पवार और सुप्रिया सुले पर निशाना साधते हुए उन्हें याद दिलाया कि इसी साल राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने शरद पवार की उम्मीदवारी के समर्थन में अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था।
महाराष्ट्र कांग्रेस के मुताबिक, मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना था। उस समय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार को जीत के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (यूबीटी) के पास 20 विधायक थे।
कांग्रेस ने कहा कि सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने सहमति जताई और कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। इसके बाद शिवसेना (यूबीटी) ने भी समर्थन किया और महा विकास अघाड़ी ने उनकी उम्मीदवारी पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई।
अब कांग्रेस का आरोप है कि उसी शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक के मामले में बीजेपी सरकार का समर्थन करने का फैसला किया है। सरकार अगले सप्ताह संसद के विशेष सत्र में यह विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। अप्रैल में विपक्ष की एकजुटता के कारण यह विधेयक पास नहीं हो पाया था।
वहीं, सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को कहा कि वह शनिवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने बताया कि उनके पिता शरद पवार अस्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए वह मुंबई में रहेंगी।
सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने कांग्रेस आलाकमान को संदेश दिया है कि उनके सांसदों की बीजेपी से बातचीत हो चुकी है और वे विधेयक के समर्थन में खड़े हैं। सूत्रों के अनुसार, पवार ने कहा है कि पार्टी को बचाने के लिए उन्हें विधेयक का समर्थन करना पड़ रहा है।