‘अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे’, अनंत सिंह ने बताया क्यों लिया बड़ा फैसला

KNEWS DESK- मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शादी संपन्न होने के बाद अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह अब कभी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने जनता दल यूनाइटेड (JDU) में दोबारा लौटने की संभावना से भी साफ इनकार किया है।

अनंत सिंह ने कहा कि विधायक बनने के बाद रहने के लिए छोटा आवास या फ्लैट मिलता है, जहां वह अपनी जनता को ठीक से पानी तक नहीं पिला सकते। इसी वजह से उन्होंने विधानसभा चुनाव से दूरी बनाने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि अगर भविष्य में चुनाव लड़ने का मन हुआ तो वह सीधे लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।

JDU में वापसी के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि जब पार्टी ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है तो वह वापस नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी से निकाले जाने के बाद अब उन पर किसी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि नीतीश कुमार के रहने तक JDU थी, लेकिन अब पार्टी में पहले जैसी बात नहीं रही। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में JDU को 10 सीटें तक नहीं मिलने का दावा भी किया।

दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत रद्द किए जाने के बाद अनंत सिंह को बेटी की शादी के लिए अदालत से अस्थायी राहत मिली थी। अब यह अवधि खत्म होने जा रही है। अनंत सिंह ने बताया कि वह तय समय के अनुसार 4 दिसंबर 2026 को अदालत में आत्मसमर्पण कर जेल जाएंगे।

उन्होंने समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि जेल से रिहा होने के बाद वह बिहार का दौरा कर सकते हैं। इसके बाद वह तय करेंगे कि अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत किस तरह करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *