उड़ान भरने को तैयार नोएडा एयरपोर्ट, 15 जून से शुरू होगा नया सफर

Knews Desk-नोएडा के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद अब यहां से उड़ान सेवाएं 15 जून से शुरू होने जा रही हैं। इसके साथ ही आज शाम से विभिन्न एयरलाइंस की टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी जाएगी।

शुरुआती चरण में विमानन कंपनी IndiGo अपनी सेवाएं इस एयरपोर्ट से शुरू करेगी। इसके बाद Akasa Air और Air India Express जैसी अन्य एयरलाइंस भी धीरे-धीरे अपनी उड़ानें शुरू कर सकती हैं। पहले चरण में करीब 17 शहरों के लिए फ्लाइट संचालन का प्रस्ताव रखा गया है।

अधिकारियों के अनुसार पहली फ्लाइट नोएडा से लखनऊ के बीच चलाई जाएगी। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से एयरड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिलने के बाद 15 जून की तारीख को आधिकारिक संचालन के लिए तय किया गया है। इस एयरपोर्ट की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर DXN कोड से होगी। ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म और फ्लाइट सर्च इंजनों पर यह कोड पहले से दिखाई दे रहा है और टिकट बुकिंग शुरू होने के साथ इसका उपयोग और बढ़ जाएगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण लगभग 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया है, जिसमें 3900 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और कार्गो हब जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम होने की उम्मीद है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।

इसके साथ ही एयरपोर्ट से बस सेवाएं भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है, जो उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड तक कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में आसानी होगी। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और होटल, ट्रैवल, टैक्सी और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी बड़ा फायदा मिलेगा। आने वाले समय में यह एयरपोर्ट उत्तर भारत का एक प्रमुख एविएशन हब बनने की क्षमता रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *