अयोध्या से रवाना होने से पहले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने मंदिर की पूजा व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं को लेकर कई अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रामलला की आरती से लेकर अन्नक्षेत्र के विकास तक कई बदलावों पर काम किया जा रहा है।
Knews Desk- श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज शनिवार को अयोध्या से रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर की व्यवस्थाओं में किए जा रहे बदलावों और ट्रस्ट की आगामी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की अगली बैठक 2 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।
गोविंद देव गिरी महाराज के मुताबिक, राम मंदिर में रामलला की आरती और पूजन की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब रामलला का विशेष और आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। आरती के दौरान अर्चकों के दो समूह होंगे, जिनमें एक समूह मंदिर के अंदर और दूसरा बाहर से आरती करेगा।
उन्होंने बताया कि रामलला की आरती को और अधिक कलात्मक एवं भव्य स्वरूप देने की योजना है। इसके साथ ही अखंड श्रीराम नाम जाप शुरू करने की भी तैयारी है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन पंच देवता यज्ञ कराने की योजना भी बनाई गई है।
इसके अलावा अयोध्या में माता सीता के नाम पर एक अन्नक्षेत्र विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था को और मजबूत करना है।
ट्रस्ट में तीन नए सदस्य शामिल
स्वामी गोविंद देव गिरी ने ट्रस्ट के नए सदस्यों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के अधिवक्ता मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव को न्यास मंडल में शामिल किया गया है।
महेश भागचंदका को ट्रस्ट में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, गोविंद देव गिरी महाराज ने महासचिव के रूप में मिली जिम्मेदारी को भगवान श्रीराम का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा दायित्व है और उन्हें भरोसा है कि इस जिम्मेदारी को निभाने की शक्ति भगवान स्वयं प्रदान करेंगे।
गोविंद देव गिरी महाराज ने राम मंदिर में हाल ही में हुए जन्माष्टमी समारोह का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहली बार जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को झूले में झुलाकर जन्मोत्सव मनाया गया। उन्होंने कहा कि आरती की नई व्यवस्था को भी श्रद्धालुओं की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
अगले सप्ताह से नियमित काम संभालेंगे CEO जितेंद्र मिश्रा
ट्रस्ट के पहले सीईओ नियुक्त किए गए रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को लेकर भी उन्होंने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जितेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को अपना पदभार संभाल लिया है। फिलहाल वह अपने घर की जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर रहे हैं और करीब 4-5 दिनों में अयोध्या पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह से जितेंद्र मिश्रा नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियां संभालना शुरू कर देंगे। उनके आने के बाद ट्रस्ट के प्रशासनिक और अन्य कार्यों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में और आसानी होगी।