Knews Desk- लखनऊ के कसमंडी इलाके में किला-मस्जिद विवाद ने बकरीद से पहले माहौल को संवेदनशील बना दिया है। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए विवादित स्थल पर नमाज अदा करने पर रोक लगा दी है। जिला प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह के विवाद या तनाव को रोकने के लिए उठाया गया है। फैसले के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से इस स्थल को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था। मुस्लिम पक्ष इस जगह को मस्जिद बता रहा है, जबकि पासी समाज के लोग इसे राजा कंस का ऐतिहासिक किला होने का दावा कर रहे हैं। पासी समाज से जुड़े कई संगठनों ने इस स्थल को संरक्षित घोषित करने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि यह स्थान उनके इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है।
विवाद को देखते हुए प्रशासन लगातार दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहा है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
बकरीद के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। विवादित स्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी बढ़ा दी गई है। साइबर टीम को सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी भड़काऊ पोस्ट या अफवाह को तुरंत रोका जा सके। प्रशासन का कहना है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।