कानपुरः पूर्व सीएम अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी से भड़के सपा विधायक, आरोपी को पकड़ने वाले को 1 लाख 11 हजार रूपए देने का किया ऐलान

मोहित दुबे– समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर कानपुर के समाजवादी पार्टी के नेताओं और विधायकों में भारी आक्रोश है। कानपुर में एक संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान सपा विधायकों ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की। इस दौरान कानपुर के कैंट विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक मोहम्मद हसन रूमी ने एक बड़ा और हैरान करने वाला ऐलान करते हुए कहा कि जो भी शख्स इस घिनौनी हरकत के मुख्य आरोपी को पकड़कर, उसके हाथ-पैर बांधकर सामने लाएगा, उसे वे अपनी तरफ से 1 लाख 11 हजार रुपये का नकद इनाम देंगे।

राजनीतिक लड़ाई में परिवार को घसीटना बर्दाश्त नहीं: अमिताभ बाजपेई

कानपुर के आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और विधायक हसन रूमी ने इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सत्ता पक्ष और अराजक तत्वों पर जमकर निशाना साधा। विधायकों ने दो टूक शब्दों में कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं और राजनीतिक लड़ाई मैदान में लड़ी जाती है, लेकिन किसी के घर-परिवार और बहु-बेटियों को इस गंदी राजनीति में घसीटना बेहद शर्मनाक और असहनीय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से देख रही है और जब तक आरोपियों को उनके किए की सजा नहीं मिल जाती, पार्टी चुप नहीं बैठेगी। नेताओं ने कहा कि वे इस साजिश की आखिरी तह तक जाएंगे ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हिमाकत न कर सके।

तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज

इस मामले में कानूनी कार्रवाई को लेकर भी सपा पूरी तरह मुस्तब्ध नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव एडवोकेट प्रवीण यादव ने इस मामले की लिखित तहरीर पुलिस कमिश्नर को सौंपी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कानपुर के साइबर क्राइम थाने में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जिन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, उनके नाम नागेश सिंह बघेल, विनोद कुमार यादव और भरत कुमार पटेल बताए जा रहे हैं। सपा नेताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की अभद्र और मानहानिकारक पोस्ट के पीछे एक सोची-समझी साजिश नजर आती है।

कानून पर भरोसा, लेकिन बीजेपी सरकार की नीयत पर उठाए सवाल

प्रेसवार्ता के दौरान दोनों सपा विधायकों ने साफ किया कि उन्हें देश की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है, लेकिन उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के राज में जिस तरह से विपक्षी नेताओं के परिवारों को निशाना बनाया जा रहा है, वह चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे अराजक तत्वों को शह दे रही है, जिसके कारण सोशल मीडिया पर बहन-बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के हौसले बुलंद हैं। हसन रूमी ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है, लेकिन समाज के स्तर पर भी ऐसे असामाजिक तत्वों को सबक सिखाना बेहद जरूरी हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *