दो दिन अयोध्या में रहेंगे CM योगी, दीपोत्सव के भव्य कार्यक्रमों में होंगे शामिल

10वें दीपोत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार और रविवार को अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान वह भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के राजतिलक, पुष्पवर्षा, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रामनगरी में इस दौरान धार्मिक परंपराओं के साथ आधुनिक तकनीक का भी भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

Knews Desk- प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके बाद तीनों स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा।

राजतिलक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं, आमजन और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचेंगे। यहां वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचकर मां सरयू की आरती करेंगे और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। राम की पैड़ी पर दीपोत्सव के दौरान प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए भगवान श्रीराम की गाथा का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही ड्रोन शो और लेजर शो भी आयोजित होगा। मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर बने मंच से संबोधन करेंगे। इसके बाद वह सरयू पुल पहुंचकर हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे।

हरित आतिशबाजी के बाद मुख्यमंत्री दोबारा रामकथा पार्क पहुंचेंगे, जहां वह रामलीला का अवलोकन करेंगे। इसके बाद रात्रि में उनके सरयू अतिथि गृह में विश्राम करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दो दिनों के इस दौरे में अयोध्या में दीपों की रोशनी, रामलीला, सरयू आरती, प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो के जरिए परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *