Knews Desk– उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। ताजगंज स्थित चौपाटी एडवेंचर पार्क में जिप लाइनिंग के दौरान 16 वर्षीय कुनाल अग्रवाल की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने परिवार के साथ घूमने आया था और एडवेंचर एक्टिविटी का आनंद ले रहा था।
जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद निवासी चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ आगरा घूमने आए थे। ताजमहल देखने के बाद परिवार बच्चों की जिद पर चौपाटी पार्क पहुंचा। यहां मौजूद एडवेंचर गेम्स देखकर कुनाल ने जिप लाइन करने की इच्छा जताई। परिवार की अनुमति मिलने के बाद उसे करीब 120 मीटर लंबी और 45 फीट ऊंची जिप लाइन पर भेजा गया।

बताया जा रहा है कि जिप लाइन पर कुछ दूरी तय करते ही पुली का लॉक अचानक खुल गया और कुनाल सीधे नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। माता-पिता बदहवास हालत में बेटे की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने जिप लाइन का संचालन तुरंत बंद करा दिया। चौपाटी मैनेजर और सुरक्षा प्रभारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है।
बताया जा रहा है कि चौपाटी पार्क का संचालन एक निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। हादसे के बाद आगरा विकास प्राधिकरण और संबंधित कंपनी दोनों सवालों के घेरे में आ गए हैं। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने भी मौके का निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।