KNEWS DESK- कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। भटकल क्षेत्र के थट्टेहक्कलु नदी में सीपियां इकट्ठा करने गई एक ही समुदाय और परिवार के लोगों के साथ बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, भटकल के शिराली क्षेत्र के शारदाहोल गांव से 14 लोगों का एक समूह शनिवार सुबह नदी में सीपियां बीनने के लिए गया था। इस समूह में 12 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल थे।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे जब सभी लोग नदी किनारे सीपियां इकट्ठा कर रहे थे, तभी अचानक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और लोग तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते कई लोग बह गए और हालात बेकाबू हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 2 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं।
मृतकों की पहचान लक्ष्मी मदेवा नाइक, लक्ष्मी शिवराम नाइक, मालती जट्टप्पा नाइक, मस्तम्मा मंजूनाथ नाइक, लक्ष्मी अन्नप्पा नाइक, ज्योति नाइक और उमेश मंजूनाथ नाइक समेत अन्य लोगों के रूप में हुई है। सभी मृतक एक ही परिवार और पड़ोस से जुड़े बताए जा रहे हैं।
इस हादसे में करीब चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि नदी में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी और लापता व्यक्ति की तलाश की जा सके।
इस दर्दनाक घटना के बाद शारदाहोल गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, नालों और जलाशयों के पास न जाएं, क्योंकि ऐसे समय में जलस्तर अचानक बढ़ने का खतरा रहता है, जिससे जानलेवा हादसे हो सकते हैं।