स्वामी रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधते हुए उन्हें ढोंगी-पाखंडी बताया। रामदेव के बयान के बाद समाजवादी पार्टी ने उनका समर्थन किया, जबकि कांग्रेस नेता अजय राय ने रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री दोनों को बीजेपी का सहयोगी बताया।
Knews Desk – स्वामी रामदेव ने जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में बिना नाम लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग न वेद पढ़ते हैं, न दर्शन-उपनिषद, न रामायण-महाभारत, न संविधान और न लोकतंत्र को जानते हैं, लेकिन इसके बावजूद सनातन और हिंदू धर्म को बचाने की बात करते हैं। रामदेव ने ऐसे लोगों को पाखंडी बताते हुए कहा कि पहले खुद को बचाना चाहिए।
भूत-प्रेत के नाम पर डराने का लगाया आरोप
रामदेव ने कहा कि कुछ कथाकार भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों का शोषण करते हैं और इस तरह के पाखंड का सबसे ज्यादा शिकार महिलाएं होती हैं। उन्होंने महिलाओं से ऐसे लोगों से बचकर रहने की अपील की।
रामदेव ने भगवान राम और कृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की तुलना करना उचित नहीं है और धार्मिक मामलों में मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में रामदेव ने कहा कि उन्होंने किसी को सीधे तौर पर टारगेट नहीं किया। उन्होंने कहा कि जिसे टारगेट किया गया है, उसे खुद पता लग गया। रामदेव ने सनातन को बाहरी खतरे के साथ-साथ अंदर से भी खतरा होने की बात कही और आधे-अधूरे ज्ञान के साथ सनातन का प्रचार करने वाले कथाकारों को आगाह किया।
सपा नेताओं ने किया रामदेव के बयान का समर्थन
रामदेव के बयान पर सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने उनकी आलोचना को सही बताया। उन्होंने कहा कि हर कोई बाबा बागेश्वर को ढोंगी मानता है और आरोप लगाया कि कुछ लोग देवी-देवताओं, महिलाओं और भक्तों का अपमान करते हैं।
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता के बीच गलत संदेश फैलाना बाबाओं का काम नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को ऐसे बाबाओं के प्रवचन सुनने से बचना चाहिए, जो समाज के बीच इस तरह के संदेश फैलाते हैं।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों बीजेपी के सहयोगी हैं और बीजेपी की मदद करते हैं। अजय राय ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग बीजेपी को मजबूत करने और उसका प्रभाव बढ़ाने के लिए आते हैं।