KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में हुई बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में संगठन की जमीनी सक्रियता, विधायकों के प्रदर्शन और महिला मतदाताओं को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने निष्क्रिय नेताओं और संगठनात्मक कामकाज में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाया। बैठक से संकेत मिले हैं कि आगामी चुनाव में टिकट के लिए नेताओं के प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड अहम हो सकता है।
नेताओं की सक्रियता पर नजर
बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR अभियान में नेताओं और पदाधिकारियों की सक्रियता की समीक्षा की गई। सूत्रों के मुताबिक, अपेक्षित भागीदारी नहीं दिखने पर विनोद तावड़े ने नाराजगी जताई। पार्टी का जोर है कि नेता केवल बैठकों और कागजी रिपोर्ट तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर सक्रिय दिखाई दें।
महिला वोटरों पर खास फोकस
बीजेपी की 2027 की रणनीति में महिला मतदाताओं को विशेष महत्व दिया जा रहा है। महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, नए महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी महिला लाभार्थियों तक योजनाओं का संदेश पहुंचाने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है।
विधायकों का बनेगा रिपोर्ट कार्ड
कोर कमेटी में मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, जिन विधायकों का कामकाज संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जा सकती है। क्षेत्र में जनता के बीच पकड़, कार्यकर्ताओं से संवाद, संगठन के कार्यक्रमों में भागीदारी और बूथ स्तर की सक्रियता के आधार पर नेताओं का आकलन किया जाएगा।
हारी सीटों पर विशेष फोकस
बीजेपी ने पिछले चुनाव में हारी विधानसभा और लोकसभा सीटों पर विशेष रणनीति बनाने पर भी जोर दिया है। इन क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की तैयारी है। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।