अयोध्या में 7 नवंबर 2026 को दीपोत्सव के अवसर पर दिनभर भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली 21 शोभायात्रा झांकियों से होगी। शाम को राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो समेत कई आकर्षण देखने को मिलेंगे।
Knews Desk- दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली 21 शोभायात्रा झांकियों को सुबह 10 बजे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये झांकियां साकेत महाविद्यालय से रामपथ होते हुए रामकथा पार्क तक पहुंचेंगी। मुख्यमंत्री दोपहर 1:25 बजे लखनऊ से प्रस्थान करेंगे और 2 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 2 बजे से 2:35 बजे तक उपराष्ट्रपति के स्वागत-अभिनंदन का कार्यक्रम आरक्षित रहेगा। 2:55 बजे से 3:05 बजे तक श्रीरामजन्मभूमि मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम निर्धारित है।
इसके बाद मुख्यमंत्री 3:10 बजे से 3:25 बजे तक रामकथा पार्क में शोभायात्रा और प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। 3:30 बजे से 3:40 बजे तक श्रीराम-सीता का अवतरण और भरत मिलाप कार्यक्रम होगा। इसके बाद 3:45 बजे से 5:15 बजे तक श्रीराम राज्याभिषेक, संत जन सम्मान और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 5:20 बजे से 5:30 बजे तक सरयू अतिथि गृह में कार्यक्रम आरक्षित रहेगा। इसके बाद 5:35 बजे से 5:55 बजे तक नया घाट पर सरयू आरती का आयोजन होगा।
शाम 6 बजे से 7:50 बजे तक राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो, ड्रोन शो समेत अन्य कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 7:50 बजे राम की पैड़ी से प्रस्थान निर्धारित है। रात 8:10 बजे से 8:15 बजे तक अयोध्या एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति की विदाई होगी। इसके बाद रात 8:40 बजे से 9:25 बजे तक अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय रामलीलाओं का मंचन किया जाएगा। इसी दौरान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। इस तरह 7 नवंबर को अयोध्या में सुबह से रात तक दीपोत्सव के तहत धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी।