इंस्टाग्राम के ‘लग्जरी लाइफ’ जाल में फंसी छात्रा, प्रेमी निकला पुताई मजदूर, शहडोल में सामने आया हैरान करने वाला मामला

KNEWS DESK- मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से सोशल मीडिया की दुनिया का एक चौंकाने वाला सच सामने आया है, जिसने ऑनलाइन दिखावे और हकीकत के बीच की खाई को फिर उजागर कर दिया है। इंस्टाग्राम पर दिखाई गई लग्जरी लाइफस्टाइल के झांसे में आकर एक कॉलेज छात्रा न सिर्फ प्रेमी के साथ घर से भाग गई, बल्कि बाद में जो सच्चाई सामने आई उसने सभी को हैरान कर दिया।

मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा की पहचान इंस्टाग्राम पर ‘करण राजपूत’ नाम के युवक से हुई थी। युवक की प्रोफाइल पर महंगी गाड़ियां, आलीशान बंगले और रईसी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो देखकर छात्रा को लगा कि वह किसी अमीर परिवार से है। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, युवक ने पूरी योजना बनाकर छात्रा को अपने साथ भगाने का प्लान तैयार किया। वह ट्रेन और बस के जरिए शहडोल पहुंचा और फिर ऑटो से युवती के घर के पास पहुंचा। इसके बाद छात्रा घर से चुपचाप निकलकर उसके साथ चली गई।

परिजनों ने जब युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। मोबाइल CDR और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को अहम सुराग मिले और टीम मुरैना जिले के एक गांव तक पहुंची, जहां से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। हालांकि आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

जांच में खुलासा हुआ कि इंस्टाग्राम पर खुद को ‘करण राजपूत’ बताने वाला युवक असल में करण धनक है, जो पेशे से पुताई और पुट्टी का मजदूर है। वह जिन जगहों पर काम करता था, वहां की तस्वीरों को लग्जरी बैकग्राउंड के साथ एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड करता था ताकि अमीर होने का भ्रम बना रहे।

फिलहाल पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। यह मामला सोशल मीडिया पर बनावटी पहचान और धोखाधड़ी को लेकर एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *