भाई की मौत से टूटी बहन ने भी दी जान, मिर्जापुर में पहलवान के बेटे-बेटी की मौत से मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक ही परिवार के भाई-बहन की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पहलवान रामाश्रय यादव के बेटे शेषनाथ यादव उर्फ गोलू यादव का शव कुएं में फंदे से लटका मिला। भाई की मौत की खबर सुनने के बाद उसकी बहन अनुष्का यादव ने भी घर में फांसी लगा ली। अस्पताल ले जाते समय अनुष्का ने भी दम तोड़ दिया।

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में भाई-बहन की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले पहलवान रामाश्रय यादव का बेटा शेषनाथ यादव उर्फ गोलू यादव भी पहलवानी करता था। शनिवार सुबह उसका शव हनुमान मंदिर के पास स्थित कुएं में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि सुबह कुछ पहलवानों ने गोलू यादव का शव कुएं में लटका देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने परिजनों को इसकी सूचना दी। भाई की मौत की खबर सुनकर उसकी बहन अनुष्का यादव सदमे में आ गई। इसके बाद उसने घर के भीतर फांसी लगा ली। परिजन उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए वाराणसी के अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक भाई-बहन के पिता रामाश्रय यादव के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। सुबह करीब 5 बजे जब वह उठे तो बेटे का शव कुएं में लटका हुआ मिला। बेटे की मौत की जानकारी मिलने के बाद बेटी ने भी घर में फांसी लगा ली। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

वहीं, चुनार की सीओ गायत्री यादव ने बताया कि भाई और बहन दोनों ने फांसी लगाकर जान दी है। भाई का शव कुएं में मिला, जबकि बहन ने घर में फांसी लगाई थी। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *