चावड़ी बाजार इमारत हादसे में बड़ा एक्शन, 3 ठेकेदार गिरफ्तार; JE और AE भी सस्पेंड

Knews Desk- पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने से दो मजदूरों की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। हादसे की शुरुआती जांच में निर्माण कार्य से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। करीब 50 वर्ग मीटर के भूखंड पर बन रही इस इमारत का नक्शा नगर निगम से पास नहीं कराया गया था और निर्माण बिना मंजूरी के किया जा रहा था।दिल्ली पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के दौज तहसील के सिरोही गांव निवासी सिराज, ताजुद्दीन और फरकान के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की जांच कर रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि जिस इमारत का निर्माण कराया जा रहा था, वह अनधिकृत थी। एमसीडी के एक अधिकारी के अनुसार, निर्माण के लिए नगर निगम से कोई मंजूरी नहीं ली गई थी। यहां तक कि निगम को इस निर्माण को लेकर कोई शिकायत भी नहीं मिली थी। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत का निर्माण करीब 15 दिन पहले रोक दिया गया था। इसके बावजूद हादसे के समय तक इमारत की तीन मंजिलें बन चुकी थीं और छत की ढलाई का काम चल रहा था।जांच में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल सामने आए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इमारत के निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी और सामग्री ठीक से जम भी नहीं पाई थी। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि निर्माण की गुणवत्ता में कमी भी इमारत गिरने की एक वजह हो सकती है।

इस हादसे में मंडावली की रेलवे कॉलोनी में रहने वाले दो मजदूरों किशोरी (40) और संजीत (45) की मौत हो गई। दोनों इमारत के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। हादसे में सहदेव चौधरी (25) और फिरोज (37) समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार सुबह अचानक इमारत गिरने के साथ जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और एमसीडी की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चलाया।

हादसे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ FIR दर्ज करने और संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) तथा असिस्टेंट इंजीनियर (AE) को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके बाद एमसीडी ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए। अब पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *