अजनार नदी की सफाई का जुनून पड़ा भारी, 21 वर्षीय बिट्टू तबाही के हाथ-पैरों में संक्रमण

KNEWS DESK– मध्य प्रदेश के राजगढ़ में अजनार नदी की सफाई का जिम्मा उठाने वाले 21 वर्षीय बिट्टू तवास, जिन्हें बिट्टू तबाही के नाम से जाना जाता है, खुद बीमार पड़ गए हैं। प्रदूषित पानी और सड़े हुए कचरे के लगातार संपर्क में रहने की वजह से उनके हाथ-पैरों में संक्रमण हो गया है। सोशल मीडिया पर बिट्टू ने अपना वीडियो शेयर कर अपनी हालत दिखाई, जिसके बाद यूजर्स उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं।

26 जनवरी से अकेले कर रहे नदी की सफाई

मालवा के पठार से निकलने वाली अजनार नदी कभी क्षेत्र की लाइफ लाइन कही जाती थी, लेकिन प्रदूषण और कचरे के कारण अब इसकी स्थिति खराब हो चुकी है। ब्यावरा निवासी बिट्टू तवास ने 26 जनवरी 2026 से अकेले नदी की सफाई शुरू की थी। उनके पास मशीनरी नहीं थी, इसलिए वह दस्तानों, जूतों, डंडियों और अन्य औजारों की मदद से सफाई करते थे।

लगातार प्रदूषित पानी और सड़े हुए कचरे के संपर्क में रहने से उनके हाथ-पैरों में संक्रमण होने लगा। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में उनके हाथों और पैरों की त्वचा छिली हुई दिखाई दे रही है।

बीमारी के बावजूद जारी रखा सफाई का काम

संक्रमण के बाद भी बिट्टू ने नदी की सफाई का काम नहीं छोड़ा है। उन्हें खुजली और दर्द की समस्या हो रही है और वह दवाइयां भी ले रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी मेहनत बेकार जा रही है, क्योंकि लोग लगातार नदी में कचरा डाल रहे हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई चिंता

बिट्टू का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई। कई लोगों ने उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी, जबकि कुछ ने नदी में कचरा डालने वालों की आलोचना की। जानकारों ने भी प्रदूषित पानी में उतरने से पहले सुरक्षा उपायों का ध्यान रखने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *