MP Laptop Yojana 2026: मध्य प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लैपटॉप खरीदने के लिए 1,21,804 छात्रों के बैंक खातों में 25-25 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी है. सरकार की ओर से इस योजना के तहत 304 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जारी की गई है.
Knews Desk- मध्य प्रदेश सरकार की लैपटॉप योजना के तहत मंगलवार को राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी. कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में हुए कार्यक्रम के दौरान सीएम ने 1,21,804 विद्यार्थियों के खातों में 25 हजार रुपये प्रति छात्र की दर से राशि ट्रांसफर की.
सरकार का उद्देश्य इस आर्थिक सहायता के जरिए मेधावी विद्यार्थियों को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 75 फीसदी से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना भी की.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके भविष्य के लक्ष्य भी जाने. इस दौरान 97.2 फीसदी अंक हासिल करने वाले छात्र धीरज सिंह बुंदेला से सीएम ने पूछा कि वह आगे क्या बनना चाहते हैं.
धीरज ने बताया कि वह भविष्य में राजनेता बनना चाहते हैं. इस जवाब पर मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाया और कहा कि देश को अच्छे राजनेताओं की भी जरूरत है. सीएम ने धीरज के आत्मविश्वास और उनकी उपलब्धि की जमकर तारीफ की.
किन विद्यार्थियों को मिलते हैं 25 हजार रुपये?
मध्य प्रदेश लैपटॉप योजना के तहत उन विद्यार्थियों को यह राशि दी जाती है, जिन्होंने मध्य प्रदेश बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास की है. इसके साथ ही विद्यार्थी का मध्य प्रदेश का निवासी होना और पहली बार में 75 फीसदी या उससे अधिक अंक हासिल करना जरूरी है.
योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.
कैसे चेक करें 25 हजार रुपये का स्टेटस?
अगर आप भी योजना के पात्र विद्यार्थी हैं और यह जानना चाहते हैं कि आपके खाते में 25 हजार रुपये आए हैं या नहीं, तो इसके लिए सबसे पहले अपने आधार से लिंक बैंक खाते का बैलेंस चेक करें. यही वह बैंक खाता है, जिसकी जानकारी स्कूल में उपलब्ध कराई गई थी.
राशि DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए खाते में भेजी जाती है. पैसा ट्रांसफर होने पर बैंक की ओर से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भी आ सकता है. अगर मोबाइल पर कोई मैसेज नहीं आया है, तो विद्यार्थी बैंक जाकर अपने खाते में जमा राशि की जानकारी ले सकते हैं.
मध्य प्रदेश सरकार की इस पहल का मकसद मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी तकनीकी साधन उपलब्ध कराना है. लैपटॉप खरीदने के लिए मिलने वाली आर्थिक मदद से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल संसाधनों और आधुनिक तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलने की उम्मीद है.