‘एक कंधा टूटा है, फिर भी…’, मेडिकल रिपोर्ट दिखाकर विशाल आदित्य सिंह ने ट्रोलर्स को दिया खुला चैलेंज

KNEWS DESK – रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में अपने बेबाक अंदाज और दमदार परफॉर्मेंस से पहचान बनाने वाले एक्टर विशाल आदित्य सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। दरअसल, शो के हालिया एपिसोड्स में स्टंट के दौरान विशाल ने अपने कंधे में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करते हुए आरोप लगाया कि वह स्टंट से बचने के लिए बहाने बना रहे हैं और डर को छिपा रहे हैं।

अब इन आलोचनाओं पर विशाल आदित्य सिंह का गुस्सा फूट पड़ा है। एक्टर ने सोशल मीडिया पर अपनी मेडिकल रिपोर्ट शेयर कर ट्रोलर्स को जवाब दिया और साफ किया कि कंधे की चोट कोई बहाना नहीं थी।

मेडिकल रिपोर्ट दिखाकर ट्रोलर्स को दिया जवाब

विशाल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी मेडिकल रिपोर्ट दिखाते हुए उन लोगों को जवाब दिया, जो उनकी चोट और हिम्मत पर सवाल उठा रहे थे। वीडियो में विशाल ने कहा, “प्रत्यक्ष को प्रमाण की जरूरत नहीं पड़ती है। ये है मेरी शोल्डर इंजरी की रिपोर्ट, जिसको मैं पोस्ट कर दूंगा।”

उन्होंने आगे कहा कि यह उस डॉक्टर की रिपोर्ट है, जहां ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग हुई थी। विशाल का कहना था कि उन्होंने कंधे के दर्द की बात किसी स्टंट से बचने के लिए नहीं कही थी।

‘मैं इस शो का फाइनलिस्ट रहा हूं’

विशाल ने अपनी बात रखते हुए याद दिलाया कि वह पहले भी ‘खतरों के खिलाड़ी’ का हिस्सा रह चुके हैं और अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोग पूरे सीजन की मेहनत को भूलकर सिर्फ एक स्टंट के आधार पर उन्हें जज कर रहे हैं।

एक्टर ने कहा कि वह ‘खतरों के खिलाड़ी’ सीजन 11 के फाइनलिस्ट रह चुके हैं और पूरे सफर में उन्होंने अपनी काबिलियत साबित की है।

ट्रोलर्स को खुला चैलेंज

विशाल ने ट्रोलर्स को खुला चैलेंज देते हुए कहा कि अगर कोई उनकी स्थिति में वही स्टंट करके दिखा दे, तो वह शो की प्राइज मनी का आधा हिस्सा उसे देने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “एक कंधा टूटा हुआ है और एक ठीक है। इस हालत में अगर कोई वो स्टंट करके दिखा दे, तो ‘खतरों के खिलाड़ी’ जीतने की जो प्राइज मनी है, उसका आधा हिस्सा मैं उसे दे दूंगा।”

https://www.instagram.com/reels/DcspXH7OYVI/

विशाल ने आगे ट्रोलर्स को लोखंडवाला आने और उनसे मिलने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि वह खुद उनसे वही स्टंट करवाएंगे।

करण वाही से विवाद पर भी दी सफाई

‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के हालिया एपिसोड में विशाल आदित्य सिंह और करण वाही के बीच थोड़ी बहस देखने को मिली थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बीच मनमुटाव की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

हालांकि, विशाल ने अपने वीडियो के जरिए इस बात को भी साफ कर दिया कि करण वाही के साथ उनका कोई विवाद या मनमुटाव नहीं है। उन्होंने दर्शकों से फिजूल की नेगेटिविटी से दूर रहने की अपील की।

वीडियो शेयर करते हुए विशाल ने कैप्शन में लिखा, “फिर भाई अगर किसी को कुछ लगता है तो लगता रहे, शो अपना नंबर 1 है।” अब विशाल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है और देखना होगा कि आने वाले एपिसोड्स में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।