दिवाली की रात दिल्ली और मुंबई में आग लगने की घटनाओं में तेजी देखी गई। दोनों शहरों में दमकल विभाग की टीमें पूरी रात आग बुझाने और हालात संभालने में जुटी रहीं। दिल्ली में फायर सर्विस को 257 कॉल्स मिलीं, जबकि मुंबई में 142 आग की घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 137 घटनाएं पटाखों से जुड़ी थीं।
Knews Desk – दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, दिवाली की रात कुल 257 कॉल्स आईं, जिनमें 214 फायर कॉल्स थीं। इनमें 24 कॉल्स पटाखों से जुड़ी हुई थीं। वहीं, रात 6 बजे से अगली सुबह 6 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक कुल 281 कॉल्स दर्ज की गईं। इनमें शाम 6 बजे से रात 1 बजे तक 178 और रात 1 बजे से सुबह 6 बजे तक 103 कॉल्स आईं।
पिछले साल दिवाली की रात दिल्ली में 231 कॉल्स आई थीं। इस बार इनकी संख्या में बढ़ोतरी हुई। दमकल विभाग को सात बड़ी आग की घटनाओं की सूचना मिली। इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत में आग लगने की एक बड़ी घटना पर भी दिल्ली से टीम भेजी गई।
आग बुझाते समय पांच फायरकर्मी घायल
आग की घटनाओं के दौरान दमकलकर्मियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आग बुझाते समय पांच फायरकर्मी घायल हो गए। वहीं, छह आम लोग भी आग की घटनाओं में घायल हुए। हालांकि, इस बार आग से किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
दिल्ली फायर सर्विस ने आग की घटनाओं से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। विभाग ने अधिकतम स्टाफ की तैनाती की थी। करीब 3,200 फायरमैन ड्यूटी पर लगाए गए थे। इसके अलावा 50 जगहों पर क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT तैनात की गई थी। संवेदनशील और अहम स्थानों पर 15 बड़ी दमकल गाड़ियां भी तैनात थीं।
मुंबई में भी दिवाली की रात आग लगने की घटनाओं में तेजी देखी गई। मुंबई फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, 8 नवंबर को शहर में आग लगने की कुल 142 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें से 137 घटनाएं सीधे तौर पर पटाखों की वजह से हुईं। रात 9 बजे के बाद आग लगने की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ। राहत की बात रही कि इन घटनाओं में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
डोंगरी में बड़ी आग, मौके पर पहुंचीं नौ दमकल गाड़ियां
मुंबई में आग की पांच बड़ी घटनाएं सामने आईं। इनमें कुर्ला वेस्ट में रात 9:28 बजे मसरानी CHS के हलाव ब्रिज पर आग लगी। आग बुझाने के लिए चार फायर इंजन और छह जंबो टैंकर भेजे गए।
वहीं, रात 9:58 बजे डोंगरी के महेश्वरी रोड पर पुलिस स्टेशन के सामने लेवल-2 की आग लगी। यह रात की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक थी। मौके पर नौ फायर इंजन और 11 जंबो टैंकर भेजने पड़े।
इसके अलावा रात 10:49 बजे मिलिट्री रोड पर रॉयल एकेडमी के पास आग लगी। यहां सात फायर इंजन और दो जंबो टैंकर पहुंचे। रात 10:51 बजे मलाड की वृंदावन सोसाइटी में आग लगी, जबकि 10:53 बजे घाटकोपर वेस्ट के स्काईलाइन एपिटोम में लेवल-2 की आग की सूचना मिली। यहां छह फायर इंजन, चार जंबो टैंकर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म लगाया गया।