वायु प्रदूषण से दुनिया में हर साल 80 लाख मौतें, भारत में 20.06 लाख लोगों की गई जान

KNEWS DESK- वायु प्रदूषण दुनियाभर में गंभीर स्वास्थ्य संकट बन चुका है। स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में दुनिया भर में वायु प्रदूषण के कारण करीब 80 लाख लोगों की मौत हुई। इनमें अकेले भारत में 20.06 लाख मौतें दर्ज की गईं। यानी दुनिया में प्रदूषण से होने वाली हर चार मौतों में करीब एक मौत भारत में हुई।

भारत में वायु प्रदूषण के कई प्रमुख स्रोत हैं। इनमें वाहनों और उद्योगों से निकलने वाला धुआं, कोयले से चलने वाले बिजली संयंत्र, कृषि गतिविधियां, कचरा जलाना और जंगलों में लगने वाली आग शामिल हैं। घरों में लकड़ी, कोयला और गोबर जैसे ठोस ईंधन से खाना पकाने के दौरान निकलने वाला धुआं भी प्रदूषण की बड़ी वजह है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे ठोस ईंधन से निकलने वाला धुआं भारत के बाहरी PM2.5 प्रदूषण में करीब 30 प्रतिशत योगदान देता है।

प्रदूषित हवा का असर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर ज्यादा गंभीर हो सकता है। PM2.5 के बारीक कण फेफड़ों तक पहुंचने के साथ शरीर के दूसरे हिस्सों को भी प्रभावित कर सकते हैं। लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से हार्ट अटैक, स्ट्रोक, दिल की बीमारियों, टाइप-2 डायबिटीज और फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में 70 साल से अधिक उम्र के करीब 50 लाख लोगों की मौत वायु प्रदूषण से जुड़ी थी। वहीं, पहली बार डिमेंशिया पर भी प्रदूषण के प्रभाव को शामिल किया गया। 2023 में दुनिया में डिमेंशिया से जुड़ी करीब 6.26 लाख मौतों के लिए वायु प्रदूषण को जिम्मेदार माना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *