विश्वकर्मा पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे युवकों के ट्रैक्टर को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर ट्रक में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव भी किया।
Knews Desk- बिहार के सासाराम में विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुक्रवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। अमझोर थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-2C पर एक ट्रक ने प्रतिमा लेकर जा रहे ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पर सवार कई युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में पांच से अधिक युवक घायल बताए जा रहे हैं। इनमें दो की हालत गंभीर होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। दो घायलों का इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को जमुहार मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं, रामडीहरा गांव में भी तनाव का माहौल बन गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर हंगामा करते हुए यातायात रोक दिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने हादसे में शामिल बताए जा रहे ट्रक को आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रक पर गिट्टी लदी थी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों ने पुलिस का भी विरोध किया और पथराव किया। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। शनिवार को भी स्थानीय लोगों ने डेहरी-रोहतास रोड को कई घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शन कर रहे लोग ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।