यूपी के 75 जिलों में आज शाम 6 बजे होगा ब्लैकआउट, एयर रेड और बचाव कार्यों की मॉक ड्रिल

knews desk – उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे सिविल डिफेंस एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और युद्ध जैसी अन्य आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों के उद्देश्य से एक साथ सभी जनपदों में यह अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी के बीच ब्लैकआउट, बचाव और राहत कार्यों के साथ इमरजेंसी सेवाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा विभाग की प्रमुख सचिव संयुक्ता समद्दार और निदेशक अशोक कुमार सिंह की सह-अध्यक्षता में सभी जिलाधिकारियों, नियंत्रकों और उप नियंत्रकों के साथ बैठक कर मॉक ड्रिल की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों के बीच समन्वय और सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रमुख सचिव संयुक्ता समद्दार ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही प्रशासनिक तंत्र एवं स्वयंसेवकों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना है।

निदेशक नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाली इस मॉक ड्रिल में एसडीएमए, डीडीएमए, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।

अभ्यास के दौरान दो मिनट तक हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित कर ब्लैकआउट किया जाएगा। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा। खतरा समाप्त होने के बाद ‘ऑल क्लियर सायरन’ बजाया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तथा गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा।

प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र संगठन, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नागरिकों को पूर्व सूचना देकर जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की अफवाह अथवा अनावश्यक घबराहट की स्थिति उत्पन्न न हो।

बयान के मुताबिक, नागरिक सुरक्षा विभाग की स्थापना 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद की गई थी। राज्य सरकार द्वारा 29 मई 2025 को जारी अधिसूचना के उपरांत सभी 75 जनपदों में नागरिक सुरक्षा इकाइयों का गठन किया जा चुका है। वर्तमान में लगभग एक लाख स्वयंसेवक नामांकित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *