2027 के लिए अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सत्ता में लौटे तो फिर शुरू करेंगे यश भारती सम्मान

Knews Desk – मुलायम सिंह यादव की जयंती पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े वादे किए। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि अगर सपा की सरकार बनती है तो यश भारती सम्मान को दोबारा शुरू किया जाएगा और इसकी सम्मान राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी। इसके साथ ही बंद किए गए स्कूलों को फिर से खोलने और मेडिकल कॉलेजों व अस्पतालों की सुविधाएं बेहतर करने का भी ऐलान किया।

यश भारती सम्मान फिर शुरू करने का ऐलान

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान को फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने सम्मान की राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की घोषणा की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाज और प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा।

सपा प्रमुख ने बीजेपी सरकार पर स्कूल बंद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन गांवों में स्कूल बंद किए गए हैं, सपा की सरकार बनने पर उन्हें दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही।

अखिलेश यादव ने राम मनोहर लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने और वर्ल्ड क्लास हॉस्टल उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने KGMU, RML लखनऊ और सैफई मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों की सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।

उन्होंने मेडिकल छात्रों के लिए ‘ONE BOND ONE SALARY’ लागू करने का भी वादा किया।

मुलायम सिंह यादव को याद कर बोले अखिलेश

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अखिलेश यादव ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि नेताजी के पास मदद के लिए जो भी आया, उन्होंने उसकी सहायता की। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव सबको साथ लेकर चलने और बुरे वक्त में किसी का साथ नहीं छोड़ने का सिद्धांत देकर गए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए समाज और प्रदेश की सेवा करने का संकल्प दोहराती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA आंदोलन को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी से नाराज हैं या साथ छोड़ चुके हैं, उन्हें मनाने और दोबारा साथ लाने का काम किया जाएगा।

बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि मौजूदा सरकार ऐसी है, जो देने से ज्यादा छीनने का काम करती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवपाल यादव, डिंपल यादव और सांसद अवधेश प्रसाद भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *