सम्राट चौधरी के बयान पर बिहार में सियासी घमासान, तेज प्रताप ने पूछा- किस स्कूल में पढ़े हैं CM?

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘क्राइम’ और ‘अपराध’ को लेकर दिए गए बयान पर विपक्ष ने निशाना साधा है। जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री की शिक्षा पर सवाल उठाते हुए तंज कसा। वहीं, तेजस्वी यादव ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला।

Knews Desk – बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक बयान को लेकर विवाद तेज हो गया है। जनशक्ति जनता दल (JJD) प्रमुख तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए पूछा कि उन्हें ‘क्राइम’ और ‘अपराध’ के बीच अंतर नहीं पता तो उन्होंने किस स्कूल में पढ़ाई की है। तेज प्रताप ने मुख्यमंत्री की 125 यूनिट मुफ्त बिजली छोड़ने की अपील पर भी सवाल उठाए और राज्य में विकास को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

‘क्राइम और अपराध में क्या अंतर है?’

दरअसल, 3 नवंबर को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था, “यहां ‘अपराध’ जैसी कोई चीज नहीं है। अपराध की अवधारणा ही खत्म हो गई है। क्राइम हो सकता है, लेकिन ‘अपराध’ नहीं है और न ही कोई अपराधी हैं।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने इसी बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “क्राइम और अपराध में फर्क नहीं जानते CM सम्राट चौधरी, चरवाहा विद्यालय में पढ़े हैं क्या?” उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री ने किस स्कूल में पढ़ाई की है।

तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री की 125 यूनिट मुफ्त बिजली छोड़ने की अपील पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि क्या लोगों को त्योहार मनाना और अपने घरों में बिजली जलाना छोड़ देना चाहिए। तेज प्रताप ने बिहार में विकास के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए जवाब मांगा।

इसी दौरान तेज प्रताप यादव ने लालू प्रसाद यादव के वोट चोरी के आरोपों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से वोट की चोरी हुई है।

तेजस्वी यादव ने भी कानून-व्यवस्था पर घेरा

मुख्यमंत्री के बयान को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ‘X’ पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “बिहार में ‘क्राइम’ तो हो सकता है, लेकिन ‘अपराध’ नहीं- कम से कम इस सरकार की नजर में तो यही है!”

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उनकी गंभीरता और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने अपने पोस्ट में सम्राट चौधरी पर कई आरोप भी लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी टिप्पणी की।

सम्राट चौधरी के बयान के बाद बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष इस बयान को राज्य की कानून-व्यवस्था से जोड़कर सरकार पर सवाल उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *