Knews Desk– उत्तर प्रदेश के मेरठ में केसरगंज स्थित एक मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा के बाद मंगलवार को पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। घोषणा को देखते हुए मस्जिद और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। मस्जिद की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और कुछ रास्तों को बंद कर दिया गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर हिंदू संगठन से जुड़े कुछ नेताओं को हाउस अरेस्ट किया। इनमें हिंदूवादी नेता प्रिंस चौधरी भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि यह कदम इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया।हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा के बाद पुलिस ने केसरगंज इलाके में निगरानी बढ़ा दी। किसी तरह की भीड़ जमा न हो, इसके लिए मस्जिद की तरफ आने-जाने वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया गया। एसपी सिटी विनायक भोसले ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शहर का माहौल सामान्य है।
पुलिस ने मस्जिद में नमाज को लेकर भी विशेष एहतियाती व्यवस्था की। मंगलवार को मस्जिद में केवल मौलाना और उनके परिवार के सदस्यों को नमाज पढ़ने की अनुमति दी गई। पुलिस की कोशिश थी कि मस्जिद के बाहर किसी तरह की भीड़ या नारेबाजी की स्थिति न बने। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात रखा गया।इस मस्जिद को लेकर कुछ दिन पहले भी विवाद सामने आया था। उस समय मस्जिद की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए गए थे। कुछ लोगों ने निर्माण को अवैध बताते हुए आपत्ति जताई थी। इसके बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। मंगलवार को हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा के बाद एक बार फिर इलाके में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
मामले में बसपा के पूर्व प्रत्याशी और पूर्व सांसद शाहिद अख्लाक के भाई हाजी राशिद अख्लाक ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा करने वाले हिंदूवादी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राशिद अख्लाक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग शहर का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और जरूरत पड़ने पर एनएसए के तहत कार्रवाई की बात कही। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि जनता ऐसे लोगों को जवाब देगी।दिनभर पुलिस की सतर्कता के बावजूद शाम के समय कुछ लोग हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए मस्जिद के बाहर पहुंच गए। पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।पुलिस-प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।