Knews Desk– उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा 2 में पढ़ने वाली 7 वर्षीय छात्रा वैष्णवी की स्कूल में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। जिस समय बच्ची की तबीयत बिगड़ी, उस दौरान स्कूल के बाहर सिटी पैलेस चौराहे पर गणेश विसर्जन यात्रा के चलते तेज आवाज में डीजे बज रहा था।जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:25 बजे डिवाइन पब्लिक स्कूल में छात्राएं क्लास में पढ़ाई कर रही थीं। इसी दौरान स्कूल के बाहर गणेश विसर्जन यात्रा निकल रही थी और वहां डीजे तेज आवाज में बज रहा था। बताया जा रहा है कि डीजे की तेज आवाज और भारी बेस के बीच कक्षा में बैठी वैष्णवी अचानक बेचैन होने लगी। उसकी तबीयत बिगड़ती गई और वह असहज महसूस करने लगी।
CCTV फुटेज में बच्ची के अचानक असहज होने की पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि वैष्णवी ने बेहोश होकर गिरने से पहले बेंच से तीन बार उठने की कोशिश की। हालांकि, वह उठ नहीं सकी और अचानक गिर पड़ी। बच्ची को अचेत देखकर क्लास में मौजूद शिक्षिकाएं तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंचीं। दो शिक्षिकाओं ने उसे उठाकर बेंच पर लिटाया और होश में लाने की कोशिश की।बच्ची की हालत गंभीर देखकर स्कूल प्रबंधन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। स्कूल प्रबंधक आशीष उपाध्याय की देखरेख में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतका नगर के मोहल्ला खलवा निवासी सोनू तिवारी की बड़ी बेटी थी। बताया गया कि पिता ने सुबह अपनी बेटी को हंसते-खेलते हुए स्कूल छोड़ा था। उन्हें उम्मीद थी कि दोपहर में छुट्टी के बाद वह अपनी बेटी को वापस घर लेकर आएंगे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद बेटी की मौत की खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।स्कूल प्रबंधक आशीष उपाध्याय ने बताया कि गणेश विसर्जन जुलूस के चलते स्कूल में दोपहर 12 बजे छुट्टी निर्धारित की गई थी। हालांकि, छुट्टी से कुछ समय पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, CCTV फुटेज में बच्ची की तबीयत डीजे के तेज शोर के दौरान अचानक बिगड़ती दिखाई दे रही है।
वहीं, नगर क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि डीजे की आवाज से छात्रा की मौत की खबर का पुलिस ने संज्ञान लिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, बच्ची की मौत की परिस्थितियों और डीजे की तेज आवाज से उसकी तबीयत बिगड़ने के संबंध में पुलिस की जांच जारी है। मौत की वास्तविक चिकित्सकीय वजह पोस्टमार्टम अथवा अन्य आधिकारिक जांच से स्पष्ट होगी।