जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ. टाइगर के एन्क्लोजर में घास काटने गई 42 वर्षीय महिला मजदूर सुगना देवी पर बाघ ‘शिवाजी’ ने हमला कर दिया. गंभीर हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
Knews Desk- जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब टाइगर के एन्क्लोजर में काम कर रही महिला मजदूर पर बाघ ने हमला कर दिया. मृतका की पहचान नांगल सुसावतान निवासी 42 वर्षीय सुगना देवी के तौर पर हुई है. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए और मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर विरोध जताया.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9 बजे सुगना देवी छह अन्य महिला मजदूरों के साथ टाइगर ‘शिवाजी’ के एन्क्लोजर में घास काटने पहुंची थीं. मजदूरों के अनुसार, उस समय बाघ अपने पिंजरे में बंद था. इसी दौरान आरोप है कि किसी वनकर्मी ने टाइगर के पिंजरे का गेट खोल दिया. गेट खुलते ही बाघ बाहर आ गया और मजदूरों में भगदड़ मच गई.
पेड़ और जाल पर चढ़कर बचने की कोशिश
टाइगर को सामने देखकर महिलाओं ने अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शी भोरी देवी के मुताबिक, उन्होंने पेड़ पर चढ़कर खुद को बचाया. वहीं विद्या देवी, नौरती, टीकम, रुक्मणी और कमला जाल पर चढ़ गईं.
सुगना देवी भी बाघ से बचने के लिए जाल पर चढ़ने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन इसी दौरान टाइगर ने उन्हें नीचे खींच लिया. बाघ ने सुगना देवी पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
वन विभाग की लापरवाही के आरोप
घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने के बाद एक फॉरेस्टर को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, कथित तौर पर टाइगर के पिंजरे का गेट खोलने वाले वनकर्मी को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है.
हादसे के बाद ग्रामीणों और मृतका के परिजनों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन किया. उनकी मांग है कि परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए.