धौलपुर में बड़ा हादसा: पानी से भरी पोखर में गिरी ईको कार, 3 मासूमों समेत 4 की मौत

राजस्थान के धौलपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। फूलपुर गांव के पास यात्रियों से भरी ईको कार अनियंत्रित होकर पोखर में जा गिरी। हादसे में तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

Knews Desk- राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मनिया थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास यात्रियों से भरी ईको कार अचानक सड़क किनारे बनी पोखर में जा गिरी। देखते ही देखते कार गहरे पानी में डूब गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

तीन बच्चों समेत चार की मौत

हादसे में अब तक तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिला कलेक्टर श्रीनिधी बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए बचाव अभियान की जानकारी ली।

सड़क और पोखर की सीमा समझ नहीं सका चालक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पोखर के आसपास कथित अतिक्रमण के कारण पानी सड़क तक फैल गया था। सड़क का एक बड़ा हिस्सा भी पानी में डूबा हुआ था। ऐसे में चालक को यह अंदाजा नहीं लग सका कि सड़क कहां खत्म हो रही है और पोखर का गहरा पानी कहां से शुरू हो रहा है।

इसी दौरान ईको कार अनियंत्रित होकर सीधे पोखर में जा गिरी। पानी अधिक होने की वजह से कार देखते ही देखते डूब गई और उसमें सवार लोगों की जान पर बन आई।

अतिक्रमण पर प्रशासन ने लिया संज्ञान

हादसे के बाद पोखर के आसपास हुए अतिक्रमण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पोखर क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर कार्रवाई करने और उसे हटाने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों को पूरे इलाके का निरीक्षण करने के साथ-साथ ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने को भी कहा गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना दोबारा न हो।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। अतिक्रमण और सड़क पर जलभराव समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। हादसे में चार लोगों की मौत के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *