दिवाली के दिन लुधियाना के ऋषि नगर इलाके में मिठाई की दुकान पर कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि दुकानदार ने बिना पूछे रसगुल्ले खाने से रोका तो युवकों ने दुकानदार और उसके भाई के साथ मारपीट कर दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दुकान के बाहर भारी भीड़ भी नजर आ रही है।
Knews Desk – मामला लुधियाना के ऋषि नगर इलाके में स्थित ‘गुप्ता स्वीट्स’ का है। पुलिस के मुताबिक, दिवाली के दिन दुकान पर मिठाई खरीदने वालों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान तीन युवक दुकान के अंदर पहुंचे और दुकानदार से पूछे बिना काउंटर पर ट्रे में रखे रसगुल्ले उठाकर खाने लगे। दुकानदार ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो आरोप है कि युवक भड़क गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने आए भाई को भी पीटा
दुकानदार के भाई ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस घटना में दुकानदार के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उसके भाई की दो उंगलियों में फ्रेक्चर होने की जानकारी सामने आई है। दुकानदार के मुताबिक दुकान के अंदर तीन युवक थे और उनके कुछ साथी बाहर भी मौजूद हो सकते हैं।
घटना के दौरान दुकान के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने बीच-बचाव नहीं किया और कई लोग घटना का वीडियो बनाते रहे। सीसीटीवी फुटेज में मारपीट के साथ-साथ बाहर खड़ी भीड़ भी नजर आ रही है।
दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है।