पंजाब में चुनाव से पहले AAP को झटका, टिकट लिस्ट के बाद दो विधायकों ने दिया इस्तीफा

आम आदमी पार्टी की 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी में असंतोष सामने आया है। विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने इस घटनाक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि अभी तो फिल्म शुरू हुई है।

Knews Desk – पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद दो विधायकों ने इस्तीफा देने की घोषणा की है। इनमें पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक और पूर्व मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा तथा सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की घोषणा की। दोनों विधायकों के इस्तीफे के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘मैं चेतन सिंह जोड़ामाजरा आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं।’ उनके इस ऐलान के बाद पार्टी के भीतर असंतोष को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

दो विधायकों के इस्तीफे के बाद बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के गूंगे 94 भेड़ुओं में से ज़िंदा ज़मीर वाला अलग हुआ। अभी तो फिल्म शुरू हुई है।’

बिट्टू की इस टिप्पणी को पंजाब में चुनाव से पहले AAP के लिए राजनीतिक चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।

चेतन सिंह जोड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा के इस्तीफे के बाद उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। खबरों के मुताबिक, दोनों नेता चंडीगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा के दौरान बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनके बीजेपी में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची

आम आदमी पार्टी ने शनिवार, 31 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में विचार-विमर्श के बाद उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया।

पार्टी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को उनकी पारंपरिक सीट धूरी से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। AAP के मुताबिक, उम्मीदवारों की सूची जनता के बीच कराए गए निष्पक्ष और वैज्ञानिक सर्वे के आधार पर तैयार की गई है। पार्टी का कहना है कि जनता की राय के बाद ही प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया।

पहली सूची जारी होने के तुरंत बाद दो विधायकों के इस्तीफे ने पंजाब में AAP की चुनावी तैयारियों और पार्टी के भीतर राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज कर दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोनों विधायक आगे क्या राजनीतिक फैसला लेते हैं और इसका आगामी चुनाव पर क्या असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *