Knews Desk- उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने मछली को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसकी चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर मछली बिना लहसुन और प्याज के पकाई जाए, तो उसे शाकाहारी माना जा सकता है। उनका यह बयान सावन के दौरान सामने आया है, जब बड़ी संख्या में लोग मांसाहार के साथ-साथ लहसुन-प्याज का सेवन भी नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब पहले यह बात कही गई थी कि बिना लहसुन-प्याज के बनी मछली शाकाहारी है, तब किसी संत या महाराज ने इसका विरोध नहीं किया। उनके मुताबिक, विरोध न होना इस बात का संकेत है कि उनकी बात सही थी। यह कहते हुए वह मुस्कुराते भी नजर आए।
संजय निषाद ने मछली, तीर और धनुष को निषाद समाज से जोड़ते हुए कहा कि इन प्रतीकों पर उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय संविधान के चिन्हों में भी मछली, तीर और धनुष का उल्लेख मिलता है।
निषाद समाज को लेकर भी दिया बयान
कार्यक्रम के दौरान संजय निषाद ने निषाद समाज और अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर भी कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जो लोग निषाद राज और निषाद समाज का सम्मान करते हैं, वे उनके अपने हैं, जबकि विरोध करने वालों को उन्होंने ‘कसाई’ तक कह दिया।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निषाद समाज के ‘डंडे और झंडे’ दोनों का सम्मान करते हैं। संजय निषाद ने अपने संबोधन में बसपा, सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि निषाद समाज अब इन दलों के साथ नहीं है।
लंदन दौरे का भी किया जिक्र
संजय निषाद ने अपने लंदन दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने अपने गानों से लोगों का मनोरंजन किया, जबकि उन्होंने अपने संबोधन से लोगों को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि कभी भारत में लंदन जैसा माहौल दिखाई देता था, लेकिन अब लंदन में भारत की झलक नजर आती है।
मंत्री ने अपने भाषण के दौरान तुकबंदी और नारेबाजी के अंदाज में भी अपनी बात रखी और निषाद समाज से एकजुट होकर आगे बढ़ने की अपील की।