कंगना रनौत के खिलाफ आगरा में केस, ‘जेनरेशन गटर’ टिप्पणी को लेकर 21 अगस्त को सुनवाई

KNEWS DESK- फिल्म अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनकारियों को लेकर की गई उनकी कथित ‘जेनरेशन गटर’ टिप्पणी के मामले में आगरा की MP/MLA विशेष अदालत में केस दर्ज कराया गया है। इस मामले की अगली सुनवाई 21 अगस्त को होगी।

राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने कंगना के खिलाफ यह मामला दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि कंगना ने पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और उनके परिवारों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की थी।

प्रदर्शनकारियों पर की थी तीखी टिप्पणी

यह मामला उस समय का है, जब NEET-UG पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन चल रहा था। प्रदर्शन के वीडियो सामने आने के बाद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट शेयर की थीं। कंगना ने प्रदर्शनकारियों के व्यवहार और भाषा पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘जेनरेशन गटर’ कहा था। उन्होंने प्रदर्शन के कुछ वीडियो को लेकर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। कंगना ने कहा था कि उन्होंने अपनी जिंदगी में एक जगह इतनी बदसूरती और भद्दापन एक साथ नहीं देखा।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों के बोलने के तरीके और भाषा को लेकर भी आपत्ति जताई थी। अपनी पोस्ट में कंगना ने सवाल उठाया था कि ऐसे युवाओं को कौन पैदा कर रहा है और कौन उनका पालन-पोषण कर रहा है।

‘छात्रों और माता-पिता का अपमान’

अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने आरोप लगाया कि कंगना की टिप्पणी से देश के छात्रों और उनके माता-पिता का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह मामला छात्रों के भविष्य से जुड़ा है और किसी जनप्रतिनिधि को इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि कंगना के खिलाफ MP/MLA के लिए गठित विशेष अदालत में मामला दर्ज कराया गया है। कोर्ट अब 21 अगस्त को इस मामले की सुनवाई करेगा।

कंगना ने युवाओं और महिलाओं पर भी उठाए थे सवाल

कंगना ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में प्रदर्शनकारी युवाओं के रवैये की आलोचना के साथ युवा महिलाओं को लेकर भी कई टिप्पणियां की थीं। उन्होंने कहा था कि कुछ युवा महिलाएं बिना स्वतंत्रता की जिम्मेदारी समझे स्वतंत्र जीवनशैली की नकल कर रही हैं।

उन्होंने दावा किया था कि कुछ प्रदर्शनकारियों के पास व्यवस्था को देने के लिए कुछ नहीं है और उनकी पढ़ाई तथा व्यवहार पर भी सवाल उठाए थे। कंगना की इन टिप्पणियों के बाद सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।

पेपर लीक के खिलाफ चल रहा था आंदोलन

पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का लंबा आंदोलन चला था। प्रदर्शनकारियों की ओर से लगातार कार्रवाई और जवाबदेही की मांग की जा रही थी। आंदोलन के दौरान कंगना की टिप्पणियों ने भी विवाद खड़ा कर दिया था। अब इसी मामले में आगरा की अदालत में केस दर्ज होने के बाद उनकी टिप्पणी एक बार फिर चर्चा में है।

फिलहाल मामले की सुनवाई 21 अगस्त को होनी है। अदालत में आगे की कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस मामले में कंगना रनौत के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *