Knews Desk- कर्नाटक में डीके शिवकुमार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दूसरे चरण के बाद नए मंत्रियों को विभागों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। मुख्यमंत्री ने विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप देने के साथ ही कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के पोर्टफोलियो में भी बदलाव किया है। 3 अगस्त को शपथ लेने वाले 19 नए मंत्रियों को अब उनके विभाग मिल गए हैं।
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने अपने पास वित्त, कैबिनेट मामले, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार, खुफिया, सूचना, कानून एवं न्याय, मानवाधिकार, संसदीय मामले, विधायी मामले और कृषि विपणन जैसे महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं। जिन विभागों का आवंटन नहीं किया गया है, उनकी जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री के पास रहेगी।
कैबिनेट विस्तार के साथ कुछ पुराने मंत्रियों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया गया है। केएच मुनियप्पा को खाद्य विभाग के बजाय समाज कल्याण विभाग दिया गया है। वहीं, रामलिंगा रेड्डी से जल संसाधन विभाग लेकर उन्हें वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुनियप्पा और रामलिंगा रेड्डी दोनों ही अपने पुराने विभागों को लेकर असंतुष्ट बताए जा रहे थे। मुनियप्पा ने विभाग बदलने को लेकर राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी, जबकि रामलिंगा रेड्डी ने जल संसाधन विभाग दिए जाने के बाद इस्तीफे की पेशकश तक कर दी थी।
नए मंत्रियों को मिली ये जिम्मेदारियां
- लक्ष्मण सवादी – सहकारिता
- संतोष लाड – श्रम
- यूटी खादर – अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
- शिवराज थंगडगी – पिछड़ा वर्ग कल्याण, कन्नड़ एवं संस्कृति
- बसवराज रायरेड्डी – उच्च शिक्षा
- एचसी बालकृष्ण – नगर प्रशासन
- केएस बसवनथप्पा – मुजारई एवं मत्स्य पालन
- एन चालुवरायस्वामी – जल संसाधन
- मधु बंगारप्पा – प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा
- एसएस मल्लिकार्जुन – खान एवं भूविज्ञान
- बी नागेंद्र – योजना एवं सांख्यिकी
- नरेंद्रस्वामी – कृषि
- सी पुत्तरंगशेट्टी – पशुपालन एवं रेशम उत्पादन
- टी रघुमूर्ति – अनुसूचित जनजाति कल्याण
- रिजवान अरशद – खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
- रुद्रप्पा लमानी – चीनी एवं कपड़ा
- शिवलिंगेगौड़ा – आबकारी
- विजयानंद कशप्पनवर – लघु उद्योग
- बीजेड जमीर अहमद खान – आवास
- अजय सिंह – लघु सिंचाई एवं आईटी-बीटी
प्रमुख मंत्रियों के विभाग
उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर को राजस्व तथा युवा सशक्तिकरण एवं खेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। प्रियांक खड़गे को गृह विभाग, केजे जॉर्ज को ऊर्जा और पर्यटन, एमबी पाटिल को वाणिज्य एवं उद्योग तथा सतीश जारकीहोली को लोक निर्माण विभाग सौंपा गया है।
इसके अलावा कृष्णा भैरेगौड़ा को बेंगलुरु विकास (GBA), भैरती सुरेश को परिवहन, डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया को शहरी विकास, डॉ. शरणप्रकाश पाटिल को चिकित्सा शिक्षा और ईश्वर खंड्रे को ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
विभागों के इस बंटवारे के साथ कर्नाटक सरकार में लंबे समय से चल रही पोर्टफोलियो को लेकर अटकलों पर विराम लग गया है। नए और वरिष्ठ मंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपते समय अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखा गया है।