मुंबई में हिरासत में लिए गए तुषार गांधी, चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रहे थे महात्मा गांधी के परपोते

महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में ले लिया। वह शनिवार को अगस्त क्रांति मैदान जा रहे थे, तभी नेशनल कॉलेज के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Knews Desk– मुंबई पुलिस ने शनिवार, 10 अक्टूबर को महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को हिरासत में ले लिया। वह चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए अगस्त क्रांति मैदान जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने नेशनल कॉलेज के पास उन्हें रोक लिया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई में भी पुलिस सतर्क है और कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दादर स्थित शिवाजी पार्क में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी पुलिसकर्मी तैनात हैं, ताकि प्रदर्शनकारी अंदर प्रवेश न कर सकें। दरअसल, 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान तुषार गांधी मंच पर मौजूद थे। इसी वजह से पुलिस को आशंका है कि मुंबई में एक बार फिर CJP के समर्थन में प्रदर्शन हो सकता है।

अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन की तैयारी

मुंबई में शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। यहां प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान आजाद मैदान है, लेकिन पुलिस को शनिवार को आजाद मैदान में CJP के प्रदर्शन के संबंध में कोई आवेदन नहीं मिला था। दूसरी ओर, तुषार गांधी और कुछ संगठनों ने गिरगांव स्थित अगस्त क्रांति मैदान में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से इस प्रदर्शन को अब तक मंजूरी नहीं दी गई थी।

प्रदर्शन रद्द करने के लिए फोन करने का आरोप

इससे पहले तुषार गांधी ने आरोप लगाया था कि मुंबई पुलिस उन्हें और उनके साथियों को फोन करके शनिवार को अगस्त क्रांति मैदान में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन रद्द करने के लिए कह रही थी। तुषार गांधी लेखक होने के साथ-साथ ‘हम भारत के लोग’ संगठन से भी जुड़े हैं।

उन्होंने प्रदर्शन से पीछे हटने से इनकार करते हुए कहा था कि भारतीय लोकतंत्र की रक्षा के लिए जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई में भी 10 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने गिरफ्तारी की आशंका के बावजूद आंदोलन जारी रखने की बात कही थी।

तुषार गांधी ने सविनय अवज्ञा और सत्याग्रह के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए ‘ज्ञानू, शाह, मोदी चले जाओ!’ का नारा भी दिया था। उन्होंने मुंबई के लोगों से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *