मथुरा के वृंदावन में राजस्थान निवासी एक साधु भेषधारी व्यक्ति पर मध्य प्रदेश की महिलाओं ने शोषण, मारपीट और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिलाओं का दावा है कि आरोपी उन्हें अपने प्रभाव में लेकर कथित तौर पर शोषण करता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। आरोपी को पकड़ने के लिए महिलाओं ने योजना बनाई और उसे वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित एक गेस्ट हाउस में बुलाया। वहां पहुंचते ही महिलाओं ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Knews Desk- पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, भोपाल निवासी एक युवती की मुलाकात राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी हिम्मत गिरी उर्फ हेमंत राज मीणा से चित्तौड़गढ़ के एक देवी मंदिर में हुई थी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसे अपने प्रभाव में लिया और बाद में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। इस मामले में चित्तौड़गढ़ में शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है।
महिला ने आरोपी पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और बाद में उन्हीं वीडियो के जरिए महिलाओं को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि बदनामी के डर से कई महिलाएं उसके खिलाफ शिकायत नहीं कर सकीं। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही इन आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
महिलाओं ने आरोपी को पकड़ने के लिए विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कुछ लोगों की मदद ली। इसके बाद योजना बनाकर उसे वृंदावन बुलाया गया। बताया गया है कि आरोपी को चैतन्य विहार स्थित एक गेस्ट हाउस में आने के लिए कहा गया था। जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से मौजूद महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर विवाद हुआ और महिलाओं ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना से जुड़े वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं एक व्यक्ति को घेरकर उसके साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। वीडियो में महिलाएं आरोपी को कमरे से बाहर खींचकर ले जाती हुई भी दिखाई देती हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
वृंदावन कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, एक महिला की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। शिकायतकर्ता मध्य प्रदेश की रहने वाली है, जबकि आरोपी राजस्थान का निवासी बताया गया है। पुलिस ने कहा है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ के साथ मामले की जांच की जा रही है और महिलाओं की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।