मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने निजी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम लागू करने की सलाह दी है, जबकि सरकारी कर्मचारियों को आधे दिन की छुट्टी देने का आदेश जारी किया गया है।
महाराष्ट्र में लगातार हो रही तेज बारिश ने मुंबई और आसपास के इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने निजी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम लागू करने की सलाह दी है, जबकि सरकारी कर्मचारियों को आधे दिन की छुट्टी देने का निर्णय लिया गया है। लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
रेड अलर्ट के बीच तेज हवाएं, सरकार की हाईलेवल मीटिंग
राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सरकार ने आपदा प्रबंधन विभाग के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की है। कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन के अनुसार कई इलाकों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं और रेड अलर्ट जारी है।
हवाई सेवाएं प्रभावित, रेल यात्रियों के लिए एडवाइजरी

भारी बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। एयर इंडिया ने मुंबई और दिल्ली रूट की उड़ानों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों से अपील की गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें, क्योंकि खराब मौसम के कारण संचालन प्रभावित हो सकता है।
रेल सेवाएं बाधित, स्टेशनों पर भारी भीड़रेल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। भाईंदर और वसई के बीच रेलवे पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने के बाद कई ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी गई है, जबकि कुछ सेवाएं रद्द करनी पड़ी हैं। भाईंदर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। वहीं पालघर के सफाले स्टेशन पर पटरियों पर पानी भरने से लोकल सेवाएं प्रभावित हैं।
कई इलाके जलमग्न, नदियां खतरे के निशान से ऊपर
वसई-विरार, मधुबन और आसपास के कई इलाके जलभराव से प्रभावित हैं। रायगढ़ में आंबा नदी समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मुंबई-गोवा हाईवे पर भी जलभराव के कारण यातायात बाधित है, जबकि अष्टविनायक श्री बल्लालेश्वर मंदिर परिसर में पानी घुस गया है।
लोनावला में रिकॉर्ड बारिश, एक्सप्रेसवे का हिस्सा बंद
लोनावला में पिछले 24 घंटों में 625 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो इस मानसून सीजन की एक दिन में सबसे अधिक है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जिसके कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का मिसिंग लिंक एहतियातन बंद कर दिया गया है।
प्रशासन की अपील, सतर्क रहने की सलाहप्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।