KNEWS DESK- भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि खाने-पीने की चीजों पर भी तेजी से पड़ता है। खासकर दूध गर्मियों में सबसे जल्दी खराब होने वाली चीजों में शामिल है। कई बार सुबह उबाला गया दूध कुछ ही घंटों में खट्टा होने लगता है या दोबारा गर्म करने पर फट जाता है। ऐसे में अगर आप भी इस परेशानी से परेशान हैं, तो एक आसान ट्रिक दूध को लंबे समय तक फ्रेश रखने में मदद कर सकती है।
गर्मियों में दूध जल्दी क्यों फट जाता है?
तेज गर्मी और 45-50 डिग्री तापमान में बैक्टीरिया बहुत तेजी से बढ़ते हैं। यही वजह है कि दूध जल्दी खट्टा होकर फटने लगता है। अगर दूध को उबालने के बाद लंबे समय तक बाहर रखा जाए, तो उसके खराब होने की संभावना और बढ़ जाती है।
दूध उबलते ही करें ये छोटा काम

अगर आप चाहते हैं कि दूध ज्यादा देर तक ताजा रहे, तो उबालने के बाद उसे ज्यादा देर तक किचन में न रखें। दूध को थोड़ा ठंडा करके तुरंत फ्रिज में रख दें। इससे बैक्टीरिया की ग्रोथ धीमी हो जाती है और दूध जल्दी खराब नहीं होता। अगर दूध जल्दी ठंडा करना हो, तो उसके बर्तन को ठंडे पानी वाले बड़े बर्तन में रख सकते हैं। इसके बाद उसे फ्रिज में स्टोर करें।
उबालते समय डालें एक चुटकी ये चीज
अगर दूध बार-बार फट जाता है, तो उसे उबालते समय एक चुटकी बेकिंग सोडा डाल सकते हैं। यह दूध की बढ़ती खटास को बैलेंस करने में मदद करता है, जिससे दूध लंबे समय तक फ्रेश रह सकता है। हालांकि ध्यान रखें कि बेकिंग सोडा बहुत ज्यादा न डालें, वरना स्वाद बदल सकता है।
बार-बार गर्म करना पड़ सकता है भारी
कई लोग दिनभर में दूध को बार-बार गर्म करते हैं। इससे दूध का टेक्सचर बदलने लगता है और उसके फटने की संभावना बढ़ जाती है। बेहतर होगा कि जितना दूध चाहिए, उतना ही निकालकर गर्म करें।
दूध स्टोर करने का सही तरीका

- दूध को हमेशा साफ और सूखे बर्तन में रखें।
- स्टील या कांच के बर्तन का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है।
- दूध को फ्रिज के दरवाजे में रखने की बजाय अंदर वाली ठंडी जगह पर रखें।
- गीले या गंदे बर्तन में दूध रखने से वह जल्दी खराब हो सकता है।
तेज आंच पर उबालने से बचें
विशेषज्ञों के मुताबिक, दूध को हमेशा धीमी या मीडियम आंच पर उबालना चाहिए। तेज आंच पर अचानक गर्म होने से दूध के प्रोटीन प्रभावित हो सकते हैं और दूध फट सकता है।