Knews Desk -केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। अब छात्र 24 मई तक अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड ने यह फैसला पोर्टल पर लगातार आ रही तकनीकी दिक्कतों और छात्रों की शिकायतों को देखते हुए लिया है।
दरअसल, 19 मई से शुरू हुई इस प्रक्रिया के दौरान हजारों छात्रों को लॉगिन, पेमेंट और स्कैन कॉपी डाउनलोड करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बार पोर्टल पूरी तरह ठप हो गया, जबकि कुछ छात्रों ने भुगतान कटने के बावजूद आवेदन पूरा न होने की शिकायत भी की। लगातार बढ़ती शिकायतों के बाद बोर्ड ने पहले 22 मई की डेडलाइन को बढ़ाकर 23 मई किया था, लेकिन समस्या जारी रहने पर अब इसे 24 मई तक बढ़ा दिया गया है।
छात्रों का कहना है कि वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक के कारण आवेदन प्रक्रिया बार-बार बाधित हो रही थी। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट शेयर कर बताया कि पोर्टल पर कभी पेमेंट फेल हो रहा था तो कभी डाउनलोड लिंक काम नहीं कर रहा था। कुछ मामलों में छात्रों से गलत फीस राशि दिखने की शिकायत भी सामने आई।
CBSE ने इस साल पोस्ट-रिजल्ट प्रक्रिया में कुछ बदलाव भी किए हैं। अब छात्र केवल 100 रुपये फीस देकर अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी देख सकते हैं, जबकि पहले इसके लिए ज्यादा शुल्क देना पड़ता था। वहीं, उत्तर पुस्तिका के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए भी फीस कम की गई है।
बोर्ड के अनुसार स्कैन कॉपी प्राप्त करने के बाद छात्र 26 मई से 29 मई के बीच री-इवैल्यूएशन यानी पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे। CBSE ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।