सऊदी अरब ने मक्का पर हूती विद्रोहियों के ड्रोन हमले की कोशिश नाकाम करने का दावा किया है. वहीं, हूती ने इस आरोप को खारिज करते हुए इसे पुराना और बेबुनियाद झूठ बताया है. इस बीच, OIC ने मक्का और मदीना इलाके पर कथित हमलों की निंदा की है.
Knews Desk- सऊदी अरब ने दावा किया है कि हूती विद्रोहियों ने पवित्र शहर मक्का को निशाना बनाकर ड्रोन हमला करने की कोशिश की, जिसे हवा में ही नष्ट कर दिया गया. सऊदी के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पवित्र स्थलों और वहां आने वाले जायरीनों की सुरक्षा देश के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि मक्का में इबादत के लिए आने वाले लोगों को डराने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, पवित्र स्थलों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा.
हमले की आशंका के बीच सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को मक्का, जेद्दा और तैफ समेत पश्चिमी तट के कई इलाकों में सुरक्षा अलर्ट जारी किया था. बताया गया कि खतरा टलने के बाद कुछ ही मिनटों में अलर्ट हटा लिया गया. साल 2017 के बाद मक्का में सुरक्षा को लेकर इस तरह की चेतावनी जारी किए जाने का यह पहला मामला बताया गया है.
हूती ने आरोपों को बताया पुराना झूठ
सऊदी अरब के दावे पर हूती विद्रोहियों ने साफ इनकार किया है. हूती के पोलित ब्यूरो के सदस्य हाजेम अल-असद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि मक्का को निशाना बनाने का दावा पुराना झूठ है, जिसका इस्तेमाल पहले भी किया जा चुका है.
हूती विद्रोहियों ने कहा कि वे मक्का या किसी अन्य इस्लामी पवित्र स्थल को निशाना नहीं बना रहे हैं. उन्होंने पवित्र स्थानों को खतरा पहुंचाने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया.
OIC ने की कथित हमलों की निंदा
ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक को-ऑपरेशन (OIC) ने मक्का और मदीना क्षेत्र पर हूती हमलों की कड़ी निंदा की है. संगठन के अनुसार, ऐसे हमलों से आम नागरिकों में डर पैदा होता है और पवित्र स्थलों की सुरक्षा तथा धार्मिक भावनाओं को नुकसान पहुंचता है.
OIC ने पवित्र स्थलों की पवित्रता बनाए रखने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है.