ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बरनहम ने भारतीय मूल के रणनीतिकार और मीडिया विशेषज्ञ गौतम रंगराजन को स्ट्रक्चर और प्रोसेस से जुड़े मामलों के लिए एक्सपर्ट एडवाइजर नियुक्त किया है. रंगराजन BBC में लंबे समय तक अहम पदों पर काम कर चुके हैं और उन्हें कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी व बड़े बदलावों का खासा अनुभव है.
Knews Desk- ब्रिटेन की नई सरकार में भारतीय मूल के लोगों की भूमिका लगातार बढ़ती नजर आ रही है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री एंडी बरनहम ने गौतम रंगराजन को अपना सलाहकार नियुक्त किया है. रंगराजन सरकार के कामकाज के स्ट्रक्चर और प्रोसेस को बेहतर बनाने में प्रधानमंत्री को सलाह देंगे.
गौतम रंगराजन रणनीति और मीडिया के क्षेत्र में लंबे अनुभव वाले विशेषज्ञ हैं. उन्होंने अपने करियर का बड़ा हिस्सा BBC में बिताया है. वहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी और परफॉर्मेंस तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं.
गौतम रंगराजन ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से म्यूजिक में बैचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा उन्होंने FT बोर्ड डायरेक्टर प्रोग्राम के तहत नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर का डिप्लोमा भी किया है.
उनका करियर अक्टूबर 1993 में BBC रेडियो क्लासिकल म्यूजिक से शुरू हुआ, जहां उन्होंने ट्रेनी प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया. इसके बाद वे BBC रेडियो 3 से जुड़े और करीब छह साल तक प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली.
साल 2001 में उन्हें एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर बनाया गया. इसके दो साल बाद यानी 2003 में उन्हें स्ट्रैटेजी मैनेजर के पद पर प्रमोशन मिला. आगे चलकर उन्होंने BBC में स्ट्रैटेजी हेड के तौर पर भी काम किया.
BBC में निभाई कई अहम जिम्मेदारियां
मई 2009 में रंगराजन को BBC कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी का कंट्रोलर बनाया गया. इसके बाद मई 2013 में उन्हें स्ट्रैटेजी एंड परफॉर्मेंस का ग्रुप डायरेक्टर नियुक्त किया गया. इस पद पर उन्होंने पिछले साल तक काम किया.
मीडिया और क्रिएटिव इंडस्ट्री में उनके पास दो दशक से अधिक का अनुभव है. रणनीतिक योजना, संस्थागत बदलाव और बड़े संगठनों के कामकाज को बेहतर बनाने में उनकी विशेषज्ञता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है.
भारतीय मूल के कनिष्क नारायण भी सरकार में अहम भूमिका में
गौतम रंगराजन के अलावा ब्रिटेन की सरकार में भारतीय मूल के कनिष्क नारायण भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. प्रधानमंत्री एंडी बरनहम ने उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का पहला मंत्री बनाया है.
नारायण को इससे पहले सितंबर 2025 में तत्कालीन प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के कार्यकाल में AI और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी. वे लेबर पार्टी से जुड़े हैं और वेल्स का प्रतिनिधित्व करते हैं.
कनिष्क नारायण का जन्म बिहार में हुआ था. 12 साल की उम्र में वे कार्डिफ चले गए थे. उन्होंने कैथेज हाई स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की. इसके बाद ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से शिक्षा हासिल की और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से MBA किया.