लंदन में CM विजय की एक झलक को बेताब दिखे फैंस, शार्ड बिल्डिंग के बाहर भारी भीड़; कार्यक्रम रद्द

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के लंदन कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने के बाद सुरक्षा कारणों से आयोजन रद्द कर दिया गया. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने भीड़ को देखते हुए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी.

kNEWS dESK- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की लोकप्रियता का असर अब विदेशों में भी देखने को मिल रहा है. लंदन की मशहूर शार्ड बिल्डिंग के बाहर बुधवार को सैकड़ों प्रशंसक अपने पसंदीदा नेता की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए. विजय के प्रति लोगों की दीवानगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में फैंस जमा हो गए.

हालांकि, प्रशंसकों का यह इंतजार पूरा नहीं हो सका. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताए जाने के बाद मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी. इसके चलते विजय की टीम को आयोजन रद्द करने का फैसला लेना पड़ा.

भीड़ को देखते हुए पुलिस ने नहीं दी अनुमति

कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी विजय की टीम ने लाउडस्पीकर के जरिए प्रशंसकों को दी. टीम के एक सदस्य ने बताया कि जन सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण आयोजन को रद्द किया जा रहा है, क्योंकि पुलिस से अनुमति नहीं मिल सकी.

विजय के होटल के बाहर इंतजार कर रहे एक युवा प्रशंसक ने कहा कि यह फैसला सही है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में लोग यहां उनका इंतजार कर रहे हैं. उसने बताया कि तमिलनाडु में भी ऐसी भीड़ देखने को नहीं मिलती.

निवेश समझौतों के साथ खत्म हुआ ब्रिटेन दौरा

सीएम विजय तमिलनाडु में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य प्रतिनिधिमंडल के साथ ब्रिटेन पहुंचे थे. उनके कार्यालय के मुताबिक, यात्रा के दौरान करीब 12,300 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े कई समझौते हुए हैं.

इन निवेश परियोजनाओं का उद्देश्य तमिलनाडु को उन्नत मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एशिया का प्रमुख केंद्र बनाना है. इनसे राज्य में 9,400 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

विजय का ब्रिटेन दौरा बुधवार को समाप्त हो रहा है. इसके बाद वह भारत लौटेंगे.