गर्मी में बार-बार ORS पीना फायदेमंद या नुकसानदायक? डॉक्टरों ने बताया किसे जरूरत और किसे नहीं

KNEWS DESK- देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोग खुद को हाइड्रेट रखने के लिए ORS का इस्तेमाल कर रहे हैं। कई लोग दिनभर पानी की जगह ORS पीते रहते हैं, लेकिन क्या ऐसा करना सही है? डॉक्टरों के मुताबिक ORS शरीर के लिए फायदेमंद जरूर है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है।

क्यों फायदेमंद है ORS?

डॉक्टरों के अनुसार ORS शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करने में मदद करता है। इसमें सोडियम, पोटैशियम और ग्लूकोज जैसे तत्व होते हैं, जो डिहाइड्रेशन की स्थिति में शरीर को जल्दी रिकवर करने में मदद करते हैं। गर्मी में ज्यादा पसीना निकलने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ सकता है, ऐसे में ORS राहत देता है।

किन लोगों को ORS पीना चाहिए?

  • लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोग
  • बच्चों और बुजुर्गों में डिहाइड्रेशन होने पर
  • फील्ड वर्क करने वाले लोग
  • लूज मोशन या उल्टी-दस्त की स्थिति में
  • ज्यादा पसीना आने पर

क्या हर किसी के लिए जरूरी है ORS?

डॉक्टरों का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति सामान्य स्थिति में है, पर्याप्त पानी पी रहा है और उसे डिहाइड्रेशन नहीं है, तो बार-बार ORS पीने की जरूरत नहीं होती। ORS में शुगर और नमक मौजूद होता है। ज्यादा मात्रा में इसका सेवन करने से शरीर में शुगर और सोडियम का स्तर बढ़ सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

जरूरत से ज्यादा ORS पीने के नुकसान

  • ब्लड शुगर बढ़ सकता है
  • हाई BP मरीजों को नुकसान हो सकता है
  • इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बिगड़ सकता है
  • किडनी पर असर पड़ सकता है

इन लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह ORS नहीं पीना चाहिए

  • किडनी की बीमारी से जूझ रहे मरीज
  • हाई ब्लड प्रेशर के मरीज
  • हार्ट पेशेंट
  • डायबिटीज के मरीज

गर्मियों में ऐसे रखें खुद को हाइड्रेट

डॉक्टरों के मुताबिक सामान्य लोगों के लिए पर्याप्त पानी, नारियल पानी, नींबू पानी और मौसमी फल भी शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए काफी होते हैं। ORS का इस्तेमाल जरूरत और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *